राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री समेत कई नेताओं ने पुण्यतिथि पर अटल बिहारी वाजपेयी को पुष्पांजलि अर्पित की

नई दिल्ली, 16 अगस्त (आईएएनएस)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने रविवार को नई दिल्ली में ‘सदैव अटल’ पर ‘भारत रत्न’ पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी पुण्यतिथि पर पुष्पांजलि अर्पित की। नेताओं ने वाजपेयी की याद में आयोजित एक प्रार्थना सभा में हिस्सा लिया।

पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत तमाम नेताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई केंद्रीय मंत्रियों ने अटल बिहारी वाजपेयी की श्रद्धांजलि अर्पित की। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, “देश के पूर्व प्रधानमंत्री, भाजपा के संस्थापक एवं करोड़ों कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्रोत अटल बिहारी वाजपेयी जी के स्मृति दिवस पर उन्हें शत्-शत् नमन। राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए उन्होंने सुशासन, विकास और राष्ट्रीय स्वाभिमान की जो सुदृढ़ नींव रखी, वह सदैव हमारा मार्गदर्शन करती रहेगी।”

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, “भारतीय राजनीति के युगपुरुष असंख्य कार्यकर्ताओं के पथ प्रदर्शक एवं हमारे प्रेरणा स्रोत पूर्व प्रधानमंत्री, भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि।”

बिहार सरकार में मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “आज लखीसराय प्रधान कार्यालय में प्रखर राजनेता, कुशल वक्ता, राष्ट्रवादी चिंतक एवं हमारे प्रेरणास्रोत, भारत रत्न से सम्मानित, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें शत-शत नमन किया। राष्ट्रसेवा, सुशासन, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रहित के प्रति उनका समर्पण सदैव हम सभी को प्रेरणा देता रहेगा। उनके विचार और आदर्श आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे। अटल जी को विनम्र श्रद्धांजलि।”

बता दें कि 25 दिसंबर 1924 को मध्य प्रदेश के ग्वालियर में जन्मे अटल बिहारी वाजपेयी न केवल एक राजनेता थे, बल्कि एक कवि और लेखक भी थे। वे तीन बार देश के प्रधानमंत्री बने। पहली बार 1996 में कुछ समय के लिए (13 दिन), फिर 1998 से 1999 तक (13 महीने), और बाद में 1999 से 2004 तक पूरे कार्यकाल के लिए प्रधानमंत्री रहे। वाजपेयी का निधन 16 अगस्त 2018 को नई दिल्ली के एम्स में हुआ था।

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव टीवी

लाइव क्रिकट स्कोर

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

Quick Link