केदारनाथ यात्रा के अगले चरण की तैयारी तेज, डीएम ने दिए मार्ग की मरम्मत के निर्देश, भीड़ नियंत्रण के लिए नई एसओपी

रुद्रप्रयाग, 20 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में जिला प्रशासन ने अगले चरण की केदारनाथ यात्रा को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने अधिकारियों को वर्षाकाल में हुए नुकसान की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सितंबर माह में यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए भीड़ नियंत्रण और यात्रा व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है।

केदारनाथ धाम की आगामी यात्रा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में समय-समय पर यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में अधिकारियों के साथ बैठक कर अगले चरण की यात्रा की तैयारियों को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

वर्षाकाल के दौरान यात्रा मार्ग और अन्य व्यवस्थाओं को हुए नुकसान की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि सितंबर माह में बारिश कम होने के बाद केदारनाथ धाम में तीर्थ यात्रियों और पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना है, जिसे देखते हुए सभी विभागों को पूरी तैयारी के साथ काम करने को कहा गया है।

उन्होंने कहा कि यात्रा व्यवस्था के लिए बनाए गए सेक्टर ऑफिसर सिस्टम की भी मॉनिटरिंग की जा रही है और आवश्यकता के अनुसार नए अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। वहीं, केदारनाथ में भीड़ नियंत्रण के लिए ड्राफ्ट एसओपी तैयार की गई है, जिसे पब्लिक कंसल्टेशन के बाद शासन के निर्णय के अनुसार लागू किया जाएगा।

इससे पहले, केदारनाथ धाम यात्रा को और अधिक सुरक्षित व व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने नई एसओपी तैयार की। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद तैयार की गई इस एसओपी में तीर्थ यात्रियों के दर्शन, हेली रेस्क्यू और हेली ऑपरेशन से जुड़ी व्यवस्थाओं को शामिल किया गया है। अब सभी स्टेकहोल्डर्स से कंसल्टेशन के बाद इसे अंतिम रूप देकर लागू करने की तैयारी है।

जिलाधिकारी ने बताया कि एसओपी को कंसल्टेशन और फाइनलाइजेशन के लिए आयुक्त को भेजा गया है। इसके बाद सभी संबंधित स्टेकहोल्डर्स से सुझाव लिए जाएंगे और आवश्यक संशोधन के बाद इसे लागू किया जाएगा।

प्रशासन का प्रयास है कि अगले वर्ष की केदारनाथ यात्रा शुरू होने से पहले इस एसओपी को पूरी तरह अंतिम रूप देकर प्रभावी कर दिया जाए। साथ ही, पिछली यात्रा के दौरान सामने आई चुनौतियों और अनुभवों से मिली सीख को भी आगामी यात्रा में लागू किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि जब यात्रा के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ेगी, तब इन व्यवस्थाओं को प्रभावी तरीके से लागू किया जाएगा, ताकि तीर्थ यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा का बेहतर अनुभव मिल सके।

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव टीवी

लाइव क्रिकट स्कोर

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

Quick Link