उत्तर प्रदेश: कासगंज में मैक्स पिकअप और ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत, 3 लोगों की मौत, 23 घायल

कासगंज, 31 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के कासगंज में सोमवार सुबह भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 23 लोग घायल हो गए। ये लोग सोरों में अस्थि विसर्जन के लिए पहुंच रहे थे। फिलहाल, सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल कासगंज में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, हादसा मोहनपुरा के पास शिव इंटर कॉलेज कांतोर के नजदीक हुआ। यहां मैक्स पिकअप और ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हुई, जिसके कारण मौके पर चीख-पुकार मच गई। मोहनपुरा के पास भीषण हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी और एसपी समेत पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

कासगंज के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने बताया कि मैक्स पिकअप में कुल 26 श्रद्धालु सवार थे। राजस्थान के करौली जनपद के रहने वाले हैं और सोरों में अस्थि विसर्जन के लिए जा रहे थे। उन्होंने बताया कि सुबह लगभग 4 बजे के आसपास यह दुर्घटना हुई।

उन्होंने बताया कि सभी घायलों को जिला अस्पताल लाया गया था, जिनमें से तीन की मृत्यु हो गई। बाकी 23 लोग घायल हैं। मरने वालों में दो पुरुष और एक महिला शामिल है। वहीं 23 घायलों में 7 बच्चे, 8 महिलाएं और 8 पुरुष शामिल हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने बताया कि छह घायलों को बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ रेफर किया गया है। अन्य सभी घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।

इससे पहले, उत्तर प्रदेश के दो अलग-अलग जिलों में हुई सड़क दुर्घटना में 8 लोग मारे गए। सोमवार सुबह एक हादसा ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र में हुआ, जबकि दूसरा हादसा हापुड़ में हुआ।

ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह नोएडा से आगरा की ओर जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर और रेलिंग को तोड़ते हुए दूसरी तरफ पहुंच गया, जहां वह एक कार से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। हालांकि, अस्पताल में उपचार के दौरान डॉक्टरों ने चारों घायलों को मृत घोषित कर दिया।

वहीं, हापुड़ में गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार थार अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे चार युवकों की मौत हो गई। हादसा रविवार और सोमवार की मध्य रात्रि थाना सिंभावली क्षेत्र में हुआ। मृतकों की पहचान बदायूं निवासी जोगिंदर, सुखबीर, जसवंत और रवि के रूप में हुई है।

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव टीवी

लाइव क्रिकट स्कोर

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

Quick Link