मुंबई : पीएम मोदी के दौरे से पहले सुरक्षा में बड़ी लापरवाही, पीएमओ का फर्जी अधिकारी बॉडीगार्ड के साथ हिरासत में, बंदूक भी बरामद

मुंबई, 8 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुंबई दौरे से ठीक पहले सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। मुंबई पुलिस ने बीकेसी स्थित नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर से दो लोगों को हिरासत में लिया है, जहां प्रधानमंत्री का कार्यक्रम होना है।

पुलिस के मुताबिक, एक शख्स अपने आप को प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) का अधिकारी बता रहा था। उसकी पहचान रोहन पारेख के रूप में हुई है, जिसकी उम्र 24 साल बताई जा रही है। सूत्रों ने बताया कि रोहन के पास पीएमओ कार्यालय का नकली आईडी कार्ड भी था। सिक्योरिटी ने जब जांच की तो उसका आईडी फर्जी निकला।

चौंकाने वाली बात यह है कि रोहन एक बॉडीगार्ड के साथ घूम रहा था, जिसके पास एक बंदूक भी मिली है। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इस मामले की आगे की जांच अब मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी फर्जी आईडी लेकर पीएम के कार्यक्रम स्थल पर क्यों पहुंचा था और उसका मकसद क्या था।

यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार शाम को मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (जीएफएफ) 2026 के सातवें संस्करण का उद्घाटन करने वाले हैं। यह फाइनेंशियल टेक्नोलॉजी से संबंधित दुनिया के सबसे बड़े और प्रभावशाली वार्षिक सम्मेलनों में से एक है।

प्रधानमंत्री मंगलवार शाम करीब 5:45 बजे ग्लोबल फिनटेक फेस्ट का उद्घाटन करेंगे और सभा को भी संबोधित करेंगे। ग्लोबल फिनटेक फेस्ट का सातवां संस्करण मंगलवार 8 सितंबर से शुक्रवार 11 सितंबर तक आयोजित किया जा रहा है।

2020 से जीएफएफ एक अंतरराष्ट्रीय मंच के रूप में उभरा है, जहां नीति निर्माता, रेगुलेटर, सेंट्रल बैंक, वित्तीय संस्थान, फिनटेक कंपनियां, टेक कंपनियां, निवेशक, शिक्षाविद और अन्य वैश्विक हितधारक फाइनेंस सेक्टर के भविष्य को आकार देने से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श करते हैं।

इसके अलावा प्रधानमंत्री मुंबई में कई रेल परियोजनाओं को भी हरी झंडी दिखाएंगे। वे न्यू साणंद (उत्तर), न्यू मकरपुरा, न्यू उंबरगांव और न्यू जेएनपीटी से मालगाड़ियों की सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे। साथ ही टांडा रोड और वडोदरा (प्रताप नगर) के बीच एक नई यात्री ट्रेन सेवा का भी शुभारंभ करेंगे।

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव टीवी

लाइव क्रिकट स्कोर

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

Quick Link