‘पीएम मोदी के लिए जन्मदिन का मतलब सेवा,’ मोदी स्टोरी ने बताया कैसे 17 सितंबर बना ‘सेवा दिवस’ का प्रतीक

नई दिल्ली, 17 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर ‘मोदी स्टोरी’ ने एक थ्रोबैक वीडियो पोस्ट में बताया है कि कैसे 17 सितंबर का दिन साल दर साल सेवा का प्रतीक बनता गया। ‘मोदी स्टोरी’ ने एक्स पोस्ट के जरिए बताया कि प्रधानमंत्री के लिए जन्मदिन का मतलब खुद के लिए जश्न मनाना नहीं बल्कि सेवा करना है।

मोदी स्टोरी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में लिखा, “हममें से ज्यादातर लोगों के लिए जन्मदिन वो दिन होता है जो हम अपने लिए मनाते हैं। नरेंद्र मोदी के लिए 17 सितंबर का मतलब कुछ अलग बन गया है। किसी परिवार को नए घर की चाबी मिलती है। महिलाओं के लिए नई पहल शुरू होती है। किसी लंबे समय से प्रतीक्षित इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट का पहला कदम उठता है। साल दर साल यह दिन सेवा का प्रतीक बनता गया है। शायद जीवन के एक और साल का जश्न मनाने का इससे बेहतर तरीका कोई नहीं कि उस दिन को किसी और के लिए मायने रखने लायक बनाया जाए।”

मोदी स्टोरी ने एक थ्रोबैक वीडियो शेयर किया, जिसमें पिछले सालों में 17 सितंबर को हुए कामों का जिक्र किया गया है।

2025 में प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर हेल्दी वुमन, स्ट्रॉन्ग फैमिली कैंपेन लॉन्च किया गया था। आदिवासी समुदायों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए आदि सेवा पर्व शुरू किया गया था। एक करोड़वां सिकल सेल स्क्रीनिंग और काउंसलिंग कार्ड बांटा गया। मध्य प्रदेश में पीएम मित्र टेक्सटाइल पार्क की आधारशिला रखी गई थी।

2024 में ओडिशा की महिलाओं के लिए बड़ी योजना सुभद्रा लॉन्च की गई थी। 26 लाख पीएमएवाई लाभार्थियों ने गृह प्रवेश में हिस्सा लिया। इसके साथ ही आवास प्लस 2024 ऐप लॉन्च किया गया था।

2023 में कारीगरों और शिल्पकारों के लिए पीएम विश्वकर्मा योजना शुरू की गई थी। द्वारका, दिल्ली में यशोभूमि इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर के फेज-1 का उद्घाटन किया गया था।

2022 में नामीबिया से लाए गए चीतों के पहले जत्थे को छोड़ा गया था। इसके बाद उन्होंने मध्य प्रदेश के कराहल में महिला स्वयं सहायता समूह सम्मेलन में हिस्सा लिया था।

2021 में वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए पीएम मोदी ने एससीओ समिट को संबोधित किया था। उसी दिन भारत ने कोरोना के दो करोड़ से ज्यादा वैक्सीन डोज का काम पूरा किया गया था।

2020 में जन्मदिन के अवसर पर पीएम मोदी ने कोविड राहत कार्यों का समन्वय किया था। 2019 में उन्होंने सरदार सरोवर बांध का 138.68 मीटर के पूर्ण स्तर तक पहुंचने पर निरीक्षण किया था। स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के आसपास पर्यटन परियोजनाओं का दौरा भी किया था।

2018 में प्रधानमंत्री ने वाराणसी के नरूर गांव में स्कूली बच्चों के साथ दिन बिताया था और काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा की थी। अगले दिन वाराणसी में करीब 557 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं की शुरुआत की थी।

2017 में पीएम मोदी ने सरदार सरोवर बांध राष्ट्र को समर्पित किया था। राष्ट्रीय आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय की आधारशिला रखी और कृषि सहकारी समितियों के कार्यक्रमों में शामिल हुए थे।

2016 में प्रधानमंत्री ने गुजरात के दाहोद के आदिवासी क्षेत्र में सिंचाई परियोजनाओं का उद्घाटन किया और सामाजिक अधिकारिता शिविर में हिस्सा लिया और हजारों दिव्यांगों को सहायता सामग्री बांटी।

2015 में पीएम मोदी ने 1965 के भारत-पाक युद्ध के 50 साल पूरे होने पर आयोजित शौर्यांजलि प्रदर्शनी का दौरा किया था।

बता दें कि पीएम मोदी 2026 में अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं और इस दिन भी उन्होंने सेमीकॉन इंडिया के पांचवें एडिशन का आगाज किया है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल की महिलाओं के लिए अन्नपूर्णा योजना की नई किस्त जारी की है।

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव टीवी

लाइव क्रिकट स्कोर

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

Quick Link