पीएम मोदी के सार्वजनिक सेवा के 25 साल की न्यूजीलैंड के मंत्री मैक्ले ने की सराहना, कहा-भारतीयों में आया बड़ा बदलाव

नई दिल्ली, 18 सितंबर (आईएएनस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक सेवा में 25 साल पूरे होने के मौके पर न्यूजीलैंड के व्यापार और निवेश मंत्री टॉड मैक्ले ने कहा कि इस दौरान न सिर्फ भारतीय अर्थव्यवस्था में बल्कि भारत और भारतीयों की बढ़ती संपन्नता में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला है।

आईएएनएस से बातचीत में मैक्ले ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का लोगों की शिक्षा पर ध्यान देना, दुनिया के दूसरे देशों के मुकाबले हर साल ज्यादा विश्वविद्यालय बनाना और बुनियादी ढांचे में बड़े पैमाने पर निवेश करना काफी अहम है।

उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि वह 2035 तक किसानों और उत्पादकों की कमाई 50 प्रतिशत बढ़ाना चाहते हैं। मुझे लगता है कि हम भी उनके इस मिशन में शामिल हो रहे हैं।”

मैक्ले ने कहा कि न्यूजीलैंड में कई तरह की एडवांस टेक्नोलॉजी और नई तकनीकों का इस्तेमाल किया जाता है, जिन्हें उनका देश भारत में भी लाना चाहता है और भारत के साथ मिलकर काम करना चाहता है।

उन्होंने कहा कि इसका मकसद भारत में किसानों की कमाई बढ़ाने में मदद करना है, ठीक वैसे ही जैसे न्यूजीलैंड में किया गया है।

प्रधानमंत्री मोदी 7 अक्टूबर को बिना किसी रुकावट के पब्लिक सर्व‍िस में 25 साल पूरे करेंगे। उनके नेतृत्व में भारत 2047 तक ‘विकसित भारत’ का लक्ष्य हासिल करने के लिए तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

मैक्ले ने आगे कहा कि न्यूजीलैंड पहले भी भारत के साथ कई क्षेत्रों में बातचीत कर चुका है और कई समझौतों पर हस्ताक्षर हुए हैं। अब दोनों देशों के बीच व्यापार के क्षेत्र में भी समझौता हुआ है।

उन्होंने आईएएनएस से कहा, “ऊर्जा सुरक्षा बेहद अहम है। खास तौर पर रिन्यूएबल एनर्जी के क्षेत्र में ऐसी बहुत सी चीजें हैं, जिन पर हम मिलकर काम कर सकते हैं। जाहिर है, अब दोनों देशों के रिश्ते इससे भी आगे बढ़ चुके हैं। हमने सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग के लिए समझौते किए हैं। हमारी सेनाएं भी मिलकर सकारात्मक तरीके से काम करेंगी।”

मैक्ले ने कहा कि भारत-न्यूजीलैंड व्यापार समझौता सिर्फ एक शुरुआत है। न्यूजीलैंड सरकार भारत के साथ अपने रिश्तों को मजबूत करने के लिए आगे और कोशिशें करना, ज्यादा ध्यान देना और निवेश बढ़ाना चाहती है।

उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड में जल्द चुनाव होने वाले हैं। चुनाव खत्म होने के बाद उन्हें उम्मीद है कि वह इस साल के अंत से पहले भारत का दौरा कर पाएंगे।

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव टीवी

लाइव क्रिकट स्कोर

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

Quick Link