उपचुनावः 5 विधानसभा और एक लोकसभा सीट के लिए मतदान जारी
नई दिल्ली, 6 अक्टूबर दो राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की पांच विधानसभा सीटों और असम की एक संसदीय सीट पर उपचुनाव के लिए मंगलवार को सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है।
पश्चिम बंगाल में नंदीग्राम और रेजीनगर,
तमिलनाडु में मदुरंतकम और धारापुरम विधानसभा सीटों के अलावा पुडुचेरी में थट्टनचावडी और असम में नागांव लोकसभा सीट पर मतदान हो रहा है।
चुनाव आयोग के एक बयान के मुताबिक,
असम की नागांव संसदीय सीट प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफे के कारण खाली हुई थी।
पश्चिम बंगाल में मौजूदा मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के
इस्तीफे के कारण नंदीग्राम विधानसभा सीट पर और आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख हुमायूं कबीर के इस्तीफे के बाद खाली हुई रेजीनगर सीट पर उपचुनाव हो रहे हैं।
रेजीनगर विधानसभा उपचुनाव के लिए
आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) अध्यक्ष और विधायक हुमायूं कबीर ने सोमपारा-1 ग्राम पंचायत कार्यालय में अपना वोट डाला।
मतदान करने पहुंचे हुमायूं कबीर ने मीडिया से बातचीत में कहा,
“यह वोटिंग नहीं है। पुलिस गड़बड़ी कर रही है। पुलिस आम वोटरों को खुलेआम परेशान कर रही है। पिछले दो महीनों से वे मुस्लिम वोटरों पर जुल्म कर रहे हैं और उन्होंने 64 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से सभी मुस्लिम हैं। सुवेंदु अधिकारी सबसे ऊंचे संवैधानिक पद पर हैं और उन्हें हटाया जाना चाहिए।”
इससे पहले रविवार को मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम में भाजपा उम्मीदवार हसिरानी रथ के लिए
पैदल मार्च निकाला। हसिरानी रथ, चंद्रनाथ रथ की मां हैं, जो अधिकारी के पूर्व सहयोगी थे और विधानसभा चुनाव में जीत के कुछ समय बाद ही उनकी हत्या कर दी गई थी।
तमिलनाडु में विधानसभा के उपचुनाव मदुरंतकम और धारापुरम,
पुडुचेरी के थट्टनचावडी निर्वाचन क्षेत्र में भी मतदान हो रहा है। धारापुरम में 320 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से मतदान के लिए मतदाता लाइन में लगे हुए हैं। उपचुनाव के लिए 3,500 से ज़्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। 2.23 लाख योग्य मतदाता हैं, जबकि 22 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।
चुनाव आयोग ने पहले कहा था
उसने उपचुनाव में सभी मतदान केंद्रों पर ईवीएम और वीवीपीएटी का इस्तेमाल करने का फैसला किया है। बयान में कहा गया है कि पर्याप्त संख्या में ईवीएम और वीवीपीएटी उपलब्ध कराए गए हैं और यह सुनिश्चित करने के लिए सभी कदम उठाए गए हैं कि इन मशीनों की मदद से मतदान सुचारू रूप से हो।





