पतंजलि फूड्स का दूसरी तिमाही में मुनाफा 19 प्रतिशत घटकर 420 करोड़ रुपए पर आया

नई दिल्ली । पतंजलि फूड्स लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के लिए अपने वित्तीय नतीजों की घोषणा करते हुए बताया कि कंपनी का समेकित शुद्ध लाभ (पीएटी) सालाना आधार पर लगभग 19 प्रतिशत घटकर 419.77 करोड़ रुपए रह गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 516.70 करोड़ रुपए था।

हालांकि, कंपनी के परिचालन राजस्व में मजबूत वृद्धि दर्ज की गई। सितंबर तिमाही के दौरान परिचालन से आय 15.55 प्रतिशत बढ़कर 11,322.58 करोड़ रुपए हो गई, जो एक वर्ष पहले इसी अवधि में 9,798.84 करोड़ रुपए थी।

इस दौरान, कंपनी की कुल आय भी बढ़ी है। दूसरी तिमाही में कुल आय 11,406.5 करोड़ रुपए रही, जबकि पिछले वर्ष की समान अवधि में यह 9,850 करोड़ रुपए थी।

कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) संजीव अस्थाना ने कहा कि दूसरी तिमाही का प्रदर्शन ब्रांडेड खाद्य तेल कारोबार, ऑयल पाम प्लांटेशन और तेजी से बढ़ते एफएमसीजी पोर्टफोलियो के दम पर कंपनी के एकीकृत बिजनेस मॉडल की मजबूती को दर्शाता है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष त्योहारी मांग का पैटर्न पिछले वर्ष की तुलना में अलग रहा। पिछले साल नवरात्रि सितंबर में शुरू हुई थी, जबकि इस बार इसका आयोजन अक्टूबर में हुआ। इसके अलावा सितंबर में पितृ पक्ष होने से त्योहारी खरीदारी का एक हिस्सा आगे खिसक गया, जिसका असर विभिन्न तिमाहियों के राजस्व और मांग के समय पर पड़ा।

शेयर बाजार में भी कंपनी के शेयरों पर दबाव देखने को मिला। शुक्रवार को बीएसई पर पतंजलि फूड्स का शेयर 2 प्रतिशत से अधिक गिरावट के साथ 421 रुपए पर बंद हुआ। पिछले 52 सप्ताह में शेयर ने 595.20 रुपए का उच्चतम और 328.05 रुपए का न्यूनतम स्तर दर्ज किया।

लंबी अवधि के प्रदर्शन पर नजर डालें तो शेयर अभी भी दबाव में बना हुआ है। पिछले छह महीनों में इसमें लगभग 6 प्रतिशत की गिरावट आई है। वहीं वर्ष 2026 में अब तक शेयर करीब 23.93 प्रतिशत टूट चुका है, जबकि एक वर्ष में इसमें लगभग 30 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। इस दौरान इसका प्रदर्शन सेंसेक्स और बीएसई एफएमसीजी सूचकांक दोनों से कमजोर रहा है।

पिछले दो वर्षों में भी पतंजलि फूड्स के शेयरों में 31 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई है।

गौरतलब है कि अक्टूबर में कंपनी को मध्य प्रदेश के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) से एक बैच के गाय के घी को वापस बुलाने का निर्देश मिला था। नियामक संस्था ने पाया था कि जांच के दौरान लिया गया नमूना खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं था।

कंपनी की स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार, यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं मानक (खाद्य उत्पाद मानक एवं खाद्य योज्य तथा संदूषक, विषाक्त पदार्थ और अवशेष) विनियम, 2011 के तहत तय मानकों का पालन न करने के कारण की गई थी।

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव टीवी

लाइव क्रिकट स्कोर

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

Quick Link