बिहार: जदयू के मंत्री पार्टी कार्यालय में करेंगे ‘जन सुनवाई’, पार्टी ने जारी किया रोस्टर, निशांत कुमार का भी नाम

पटना, 12 मई। बिहार सरकार में शामिल जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने आम लोगों की समस्याओं के समाधान को लेकर नई पहल शुरू की है। बिहार सरकार में जदयू कोटे के मंत्री अब सोमवार से शुक्रवार तक रोजाना जदयू प्रदेश कार्यालय में जन सुनवाई करेंगे।

 

कार्यक्रम के अनुसार, सभी मंत्री पूर्वाह्न 11:30 बजे से न केवल लोगों की शिकायतें और समस्याएं सुनेंगे, बल्कि उसके निराकरण की भी कोशिश करेंगे। बताया गया कि जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के निर्देश के बाद यह पहल की गई है। गौर करने वाली बात है कि इस सूची में पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के पुत्र निशांत का भी नाम है। इसके लिए पार्टी ने बाजाब्ता मंत्रियों की और उनके जन सुनवाई वाले दिनों से संबंधित एक सूची जारी की है।

 

जारी सूची के मुताबिक, सोमवार को ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, भवन निर्माण मंत्री लेसी सिंह और ग्रामीण कार्य मंत्री सुनील कुमार जन सुनवाई करेंगे, जबकि मंगलवार को उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री शीला मंडल तथा ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल लोगों की समस्याएं सुनेंगे।

 

इसी तरह बुधवार को स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, परिवहन मंत्री दामोदर रावत और आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सदा मौजूद रहेंगे। गुरुवार को खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी, मद्य निषेध एवं उत्पाद मंत्री मदन सहनी और समाज कल्याण मंत्री श्वेता गुप्ता जन सुनवाई करेंगे।

 

शुक्रवार को उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, योजना विकास मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान जनता की समस्याएं सुनेंगे। पार्टी की ओर से कहा गया है कि इस पहल का उद्देश्य जनता और सरकार के बीच सीधा संवाद स्थापित करना तथा लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।

 

बता दें कि नीतीश कुमार भी अपने मुख्यमंत्रित्व काल में जनता दरबार के जरिए लोगों की समस्याएं सुनते थे और उनके समाधान की कोशिश करते थे।

jan news
Author: jan news

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव टीवी

लाइव क्रिकट स्कोर

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

Quick Link