मालवीय नगर अग्निकांड: विदेशी नागरिकों की मौत को लेकर दूतावासों के संपर्क में भारत सरकार

नई दिल्ली। दिल्ली के मालवीय नगर स्थित लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में हुई भीषण आग की घटना में 13 विदेशी नागरिकों की मौत हो गई, जबकि 22 से अधिक विदेशी नागरिक घायल हुए हैं। यह जानकारी शुक्रवार को विदेश मंत्रालय ने दी। नई दिल्ली में साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग के दौरान एमईए के प्रवक्ता रंधीर जायसवाल ने बताया कि मृतकों में चार नागरिक नाइजीरिया, तीन किर्गिस्तान तथा एक-एक नागरिक मोज़ाम्बिक, लाइबेरिया, उज़्बेकिस्तान, बांग्लादेश, कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य और इराक के हैं। जायसवाल ने कहा, “उपलब्ध जानकारी के अनुसार, दिल्ली अग्निकांड में मरने वालों में 13 विदेशी नागरिक शामिल हैं। हम सभी संबंधित देशों के दूतावासों के संपर्क में हैं और उनकी जरूरतों के अनुसार हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।” उन्होंने बताया कि विदेश मंत्रालय स्थानीय प्रशासन और अस्पतालों के साथ समन्वय कर आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रियाओं, चिकित्सा सहायता और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं में सहयोग कर रहा है। इस घटना में लगभग 22 विदेशी नागरिक घायल भी हुए हैं। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया था। उन्होंने मृतकों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और घायलों के लिए 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की। गौरतलब है कि बुधवार सुबह दिल्ली के मालवीय नगर स्थित बहुमंजिला लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में भीषण आग लगने से कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हो गए थे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा था कि मालवीय नगर की अग्नि दुर्घटना में लोगों की मौत अत्यंत दुखद है। सरकार प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रही है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती है।

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव टीवी

लाइव क्रिकट स्कोर

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

Quick Link