मेंस अंडर-18 एशिया कप: आशीष की हैट्रिक, भारत ने जापान 4-1 से रौंदकर गोल्ड जीता काकामिगाहारा

(जापान)। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शनिवार को काकामिगाहारा में खेले गए मेंस अंडर-18 एशिया कप के फाइनल में जापान को 4-1 से हराकर चैंपियनशिप जीती। भारत की खिताबी जीत में आशीष तानी पूर्ती का अहम योगदान रहा, जिन्होंने हैट्रिक लगाई। आशीष ने दूसरे, 28वें और 34वें मिनट में गोल दागे, जबकि कप्तान केतन कुशवाहा (30वें मिनट) ने भी गोल किया। जापान के लिए एकमात्र गोल नुमाडा गाकु ने 52वें मिनट में किया। पहले क्वार्टर में भारत ने 90 सेकंड के अंदर पेनाल्टी कॉर्नर हासिल कर लिया। आशीष (दूसरे मिनट) ने गोल करने में कोई चूक नहीं की। जापान ने क्वार्टर में अपनी पकड़ मजबूत की और चार बार भारतीय सर्कल में घुसकर परीक्षा ली, लेकिन भारतीय डिफेंस पूरे समय डटा रहा और पहला क्वार्टर भारत की 1-0 की बढ़त के साथ खत्म हुआ। दूसरे क्वार्टर में मेजबान टीम के लगातार दबाव के बावजूद भारत ने अपनी बढ़त बनाए रखी। भारत को 28वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर मिला। आशीष ने एक बार फिर जिम्मेदारी संभाली और जोरदार शॉट मारकर स्कोर 2-0 कर दिया। भारत का पलड़ा भारी था, जिसका असर तुरंत दिखा। प्रह्लाद राजभर ने गेंद हासिल की, आगे बढ़े और कप्तान केतन कुशवाहा (30′) को पास दिया, जिन्होंने शांत भाव से गोल करके हाफटाइम तक भारत को 3-0 से आगे कर दिया। तीसरे क्वार्टर में भी भारत का दबदबा कायम रहा। वरिंदर सिंह की शानदार दौड़ से एक और पेनाल्टी कॉर्नर मिला और आशीष ने 34वें मिनट में बेहतरीन फिनिश के साथ अपनी हैट्रिक पूरी की, जिससे भारत को 4-0 की मजबूत बढ़त मिल गई। जापान ने आखिरी क्वार्टर में पूरी ताकत लगाई और 52वें मिनट में नुमादा गाकु ने पेनाल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर अंतर को 4-1 कर दिया। हालांकि, यह गोल सिर्फ सांत्वना के तौर पर ही रहा। फाइनल में शानदार प्रदर्शन के लिए आशीष को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया, जो 13 गोल के साथ टूर्नामेंट के ‘टॉप स्कोरर’ भी रहे। व्यक्तिगत पुरस्कारों में भी भारत का दबदबा रहा। आयुष को टूर्नामेंट का ‘बेस्ट गोलकीपर’ चुना गया। महिला प्रतियोगिता में, भारत की नौशीन नाज 12 गोल के साथ ‘टॉप स्कोरर’ रहीं। हॉकी इंडिया ने गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय भारतीय-18 पुरुष हॉकी टीम के हर खिलाड़ी के लिए 3 लाख रुपए और सपोर्ट स्टाफ के हर सदस्य के लिए 1.5 लाख रुपए के नकद इनाम की घोषणा की। इसके साथ ही ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली भारतीय अंडर-18 महिला हॉकी टीम के हर खिलाड़ी के लिए भी 1 लाख रुपए और सपोर्ट स्टाफ के प्रत्येक सदस्य के लिए 50,000 रुपए के नकद इनाम की घोषणा की।

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव टीवी

लाइव क्रिकट स्कोर

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

Quick Link