पाकिस्तान समर्थित आतंकी मॉड्यूल के पांच अन्य आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े कथित आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए पांच और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह मॉड्यूल पाकिस्तान स्थित आईएसआई हैंडलर शहजाद भट्टी के निर्देश पर काम कर रहा था और इसका उद्देश्य दिल्ली तथा पड़ोसी राज्यों में पुलिसकर्मियों को निशाना बनाना, आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देना और युवाओं की भर्ती करना था। स्पेशल सेल के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के फरीदाबाद निवासी सोहेल (26), दिल्ली के घिटोरनी निवासी सोनू मीणा (30), राजस्थान के दौसा निवासी सचिन कुमार मीणा (20), हरियाणा के नूंह निवासी मोहम्मद कैफ (21) और उत्तर प्रदेश के मेरठ निवासी मोहम्मद रिहान (20) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच अवैध हथियार, 10 जिंदा कारतूस, शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े सदस्य आबिद जट्ट के पोस्टर तथा पुलिसकर्मियों को धमकी देने और उनकी रेकी से संबंधित वीडियो सहित अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। स्पेशल सेल के अनुसार, आरोपियों को दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में कथित संगठन ‘तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान’ के समर्थन में कलाकृतियां बनाने, पाकिस्तान स्थित हैंडलरों के पोस्टर लगाने और पुलिसकर्मियों पर हमले की तैयारी करने के निर्देश दिए गए थे। पुलिस का दावा है कि हाल ही में पंजाब के अमृतसर जिले के मजीठा में एक एएसआई की हत्या की जिम्मेदारी भी इसी कथित संगठन ने ली थी। स्पेशल सेल की एनडीआर यूनिट लंबे समय से शहजाद भट्टी और उसके नेटवर्क की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। सूचनाओं और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद पुलिस ने विभिन्न राज्यों में एक साथ कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, सोहेल ने दिल्ली और फरीदाबाद के कई इलाकों में तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान के समर्थन में ग्रैफिटी बनाई और उसके वीडियो अपने हैंडलर को भेजे। इसके बदले उसे 5,000 रुपए दिए गए थे। सोनू मीणा कथित तौर पर मॉड्यूल के लिए हथियारों की व्यवस्था और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का काम करता था। उसके कब्जे से तीन पिस्तौल और कारतूस बरामद किए गए हैं। सचिन कुमार मीणा को सोनू का सहयोगी बताया गया है। उसके पास से भी दो पिस्तौल और कारतूस बरामद हुए हैं। मोहम्मद कैफ पर आरोप है कि वह शहजाद भट्टी नेटवर्क के सदस्यों के संपर्क में था और उसे पुलिसकर्मियों की हत्या, थानों समेत कई संस्थानों की रेकी तथा युवाओं की भर्ती करने के निर्देश मिले थे। वहीं, मोहम्मद रिहान पर मेरठ में आबिद जट्ट के पोस्टर लगाने और पुलिसकर्मियों पर हमले की तैयारी करने का आरोप है। पुलिस ने बताया कि इस मॉड्यूल के तीन अन्य सदस्य ‘शोएब, अनमोल राय उर्फ अन्नू और रवि कश्यप’ को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। स्पेशल सेल के अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

Share this post:

खबरें और भी हैं...

झारखंड में छात्रों का 16वें दिन विरोध-प्रदर्शन जारी, सरकार पर ‘खोखले वादे’ करने का लगाया आरोप रांची, 9 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड की राजधानी रांची में छात्रों का विरोध प्रदर्शन रविवार को 16वें दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारी छात्रों और राज्य सरकार के बीच बातचीत का दूसरा दौर भी छात्रों की मुख्य मांगों पर किसी नतीजे या समझौते तक पहुंचने में नाकाम रहा। 2 जुलाई को झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की ओर से आयोजित 14वीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितताओं के सामने आने के बाद से ही छात्र जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में लगातार विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। इस आंदोलन के समर्थन में कई छात्र नेता भूख हड़ताल पर बैठे हैं। प्रदर्शनकारी छात्रों ने सरकार पर “खोखले वादे” करने का आरोप भी लगाया है। उनका कहना है कि सरकार उनके प्रतिनिधियों के साथ बार-बार बातचीत तो करती है, लेकिन छात्रों की मांगों को न तो मानती है और न ही उन पर कोई कार्रवाई करती है। छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो 2 अगस्त से भूख हड़ताल पर हैं और शनिवार देर रात से उनकी तबीयत बिगड़ रही है। तबीयत बिगड़ने के बाद डॉक्टरों की एक टीम विरोध स्थल पर पहुंची और महतो को सलाइन चढ़ाया। डॉक्टरों के मुताबिक, उनका ब्लड शुगर लेवल काफी गिर गया था और एहतियात के तौर पर उन्हें सलाइन दिया गया। अपनी बिगड़ती सेहत के बावजूद, महतो ने कहा है कि वे आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगे और न ही अपनी मांगों से समझौता करेंगे। उन्होंने साफ कहा है कि उनकी भूख हड़ताल और छात्रों का व्यापक विरोध-प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा, जब तक कि उम्मीदवारों द्वारा उठाए गए मुद्दों का कोई ठोस समाधान नहीं निकल जाता। आईएएनएस से बात करते हुए महतो ने कहा, “रात करीब 2:30 बजे उन्होंने खून का सैंपल लिया और टेस्ट किया। ब्लड शुगर का लेवल बहुत कम था। उसके बाद, उन्होंने सलाइन देना शुरू किया और तब से हालत में थोड़ा सुधार हुआ है।” डॉक्टर ए.के. सिन्हा कहते हैं, “जो कोई भी लंबे समय तक भूखा रहता है, उसके पेट में ज़्यादा एसिड बनने लगता है। क्योंकि वह कुछ खा नहीं रहा है, इसलिए पेट सामान्य रूप से काम नहीं कर पाता। इसी वजह से उसे सीने में दर्द हो रहा है। हालाँकि, उसका दिल और फेफड़े सामान्य हैं।” इस बीच छात्र नेता चंदन ने सरकार और प्रशासन पर आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “पुलिस अधिकारी और प्रशासन रात में छात्रों को प्रदर्शन स्थल से हटाने की कोशिश कर रहे थे। छात्र अपनी मांगों से पीछे नहीं हटेंगे और न्याय की मांग करेंगे। महतो की तबीयत ठीक नहीं है, कल रात उनका ब्लड शुगर लेवल गिर गया था। फिर भी, उन्होंने हड़ताल जारी रखने का फैसला किया है।” भूख हड़ताल में शामिल छात्र नेता प्रेम नायक ने कहा, “भूख हड़ताल पर यह मेरा छठा दिन है। देवेंद्र बाबू की सेहत भी थोड़ी बिगड़ रही है। आंदोलन को कमजोर करने की कोशिशें हो रही हैं। साथ ही प्रतिनिधिमंडल को बुलाकर सिर्फ खोखले वादे किए जा रहे हैं। मैं सरकार को बस यह साफ कर देना चाहता हूं कि बातचीत के लिए बुलाकर और हमारी मांगें न मानकर हमारा समय बर्बाद न किया जाए।” छात्र नेता महेंद्र प्रसाद मंडल ने कहा, “मैं भी एक छात्र रहा हूं। अपनी छात्र जिंदगी बिताने के बाद जब झारखंड में भ्रष्ट सिस्टम की वजह से हमें नौकरी नहीं मिल पाई, तो हमने आने वाली पीढ़ियों के लिए भूख हड़ताल करने का फैसला किया। सरकार बार-बार प्रतिनिधिमंडल को बुला तो रही है, लेकिन हमारी मांगों पर खुलकर विचार नहीं कर रही है। कल 10 अगस्त है, और विधानसभा तक विरोध मार्च भी निकाला जाएगा।” छात्रों का कहना है कि उनकी मुख्य मांग उन परीक्षाओं को रद्द करना है, जिनमें गड़बड़ी का आरोप है। साथ ही, वे भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच और भविष्य की परीक्षाओं में अधिक पारदर्शिता की भी मांग कर रहे हैं। इससे पहले, शुक्रवार को बातचीत के पहले दौर में सरकार के पांच सदस्यों वाले प्रतिनिधिमंडल और छात्रों के 10 सदस्यों वाले प्रतिनिधिमंडल ने हिस्सा लिया था। छात्रों ने सरकार के सामने अपनी सभी मांगें रखीं और चल रहे आंदोलन के दौरान उठाए गए मुद्दों पर स्पष्ट जवाब मांगा। हालांकि, शनिवार को झारखंड सरकार और विरोध कर रहे छात्रों के बीच बातचीत का दूसरा दौर भी बिना किसी नतीजे के खत्म हो गया। इस बातचीत से दोनों पक्षों के बीच मतभेद दूर नहीं हो सके और न ही विरोध कर रहे छात्र अपना आंदोलन वापस लेने के लिए तैयार हुए। –आईएएनएस ओपी/एएस

Read More »

लाइव टीवी

लाइव क्रिकट स्कोर

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

Quick Link