कांग्रेस के दोनों विधायकों को विधायक दल का नेता और उपनेता की मिली जिम्मेदारी

कोलकाता। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने शनिवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता और उपनेता के पदों पर पार्टी के दोनों मौजूदा विधायकों की नियुक्ति कर दी। एआईसीसी के फैसले के अनुसार, मुर्शिदाबाद जिले की रानीनगर विधानसभा सीट से विधायक जुल्फिकार अली को कांग्रेस विधायक दल का नेता बनाया गया है, जबकि इसी जिले की फरक्का विधानसभा सीट से विधायक मोताब शेख को विधायक दल का उपनेता नियुक्त किया गया है। हाल ही में संपन्न पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने राज्य की सभी 294 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ा था, लेकिन पार्टी को केवल रानीनगर और फरक्का सीटों पर ही जीत मिली। इस चुनाव में कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं को हार का सामना करना पड़ा। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुवंकर सरकार और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी भी चुनाव नहीं जीत सके। रानीनगर सीट पर जुल्फिकार अली ने तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार अब्दुल सौमिक हुसैन को तीन हजार से कम मतों के अंतर से हराया था। वहीं, फरक्का सीट पर मोताब शेख ने भाजपा उम्मीदवार सुनील चौधरी को नौ हजार से कम वोटों के अंतर से पराजित किया था। जुल्फिकार अली और मोताब शेख दोनों पहली बार विधानसभा पहुंचे हैं और अब उन्हें कांग्रेस विधायक दल की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। हालिया विधानसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला। 15 वर्षों से सत्ता में रही तृणमूल कांग्रेस की सरकार सत्ता से बाहर हो गई, जबकि भाजपा ने 208 सीटें जीतकर राज्य में पहली बार सरकार बनाई। चुनाव परिणामों में तृणमूल कांग्रेस को 80 सीटें मिलीं, जबकि कांग्रेस और पूर्व तृणमूल विधायक हुमायूं कबीर की आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) को दो-दो सीटों पर जीत मिली। वहीं, माकपा और ऑल इंडिया सेक्युलर फ्रंट (एआईएसएफ) को एक-एक सीट हासिल हुई। गौरतलब है कि 2021 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और वाम मोर्चे ने सीट बंटवारे के तहत चुनाव लड़ा था, लेकिन दोनों ही दल एक भी सीट नहीं जीत पाए थे। हालांकि 2026 के चुनाव में भी वाम मोर्चे और एआईएसएफ के बीच सीट साझेदारी जारी रही।

Share this post:

खबरें और भी हैं...

झारखंड में छात्रों का 16वें दिन विरोध-प्रदर्शन जारी, सरकार पर ‘खोखले वादे’ करने का लगाया आरोप रांची, 9 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड की राजधानी रांची में छात्रों का विरोध प्रदर्शन रविवार को 16वें दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारी छात्रों और राज्य सरकार के बीच बातचीत का दूसरा दौर भी छात्रों की मुख्य मांगों पर किसी नतीजे या समझौते तक पहुंचने में नाकाम रहा। 2 जुलाई को झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की ओर से आयोजित 14वीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितताओं के सामने आने के बाद से ही छात्र जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में लगातार विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। इस आंदोलन के समर्थन में कई छात्र नेता भूख हड़ताल पर बैठे हैं। प्रदर्शनकारी छात्रों ने सरकार पर “खोखले वादे” करने का आरोप भी लगाया है। उनका कहना है कि सरकार उनके प्रतिनिधियों के साथ बार-बार बातचीत तो करती है, लेकिन छात्रों की मांगों को न तो मानती है और न ही उन पर कोई कार्रवाई करती है। छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो 2 अगस्त से भूख हड़ताल पर हैं और शनिवार देर रात से उनकी तबीयत बिगड़ रही है। तबीयत बिगड़ने के बाद डॉक्टरों की एक टीम विरोध स्थल पर पहुंची और महतो को सलाइन चढ़ाया। डॉक्टरों के मुताबिक, उनका ब्लड शुगर लेवल काफी गिर गया था और एहतियात के तौर पर उन्हें सलाइन दिया गया। अपनी बिगड़ती सेहत के बावजूद, महतो ने कहा है कि वे आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगे और न ही अपनी मांगों से समझौता करेंगे। उन्होंने साफ कहा है कि उनकी भूख हड़ताल और छात्रों का व्यापक विरोध-प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा, जब तक कि उम्मीदवारों द्वारा उठाए गए मुद्दों का कोई ठोस समाधान नहीं निकल जाता। आईएएनएस से बात करते हुए महतो ने कहा, “रात करीब 2:30 बजे उन्होंने खून का सैंपल लिया और टेस्ट किया। ब्लड शुगर का लेवल बहुत कम था। उसके बाद, उन्होंने सलाइन देना शुरू किया और तब से हालत में थोड़ा सुधार हुआ है।” डॉक्टर ए.के. सिन्हा कहते हैं, “जो कोई भी लंबे समय तक भूखा रहता है, उसके पेट में ज़्यादा एसिड बनने लगता है। क्योंकि वह कुछ खा नहीं रहा है, इसलिए पेट सामान्य रूप से काम नहीं कर पाता। इसी वजह से उसे सीने में दर्द हो रहा है। हालाँकि, उसका दिल और फेफड़े सामान्य हैं।” इस बीच छात्र नेता चंदन ने सरकार और प्रशासन पर आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “पुलिस अधिकारी और प्रशासन रात में छात्रों को प्रदर्शन स्थल से हटाने की कोशिश कर रहे थे। छात्र अपनी मांगों से पीछे नहीं हटेंगे और न्याय की मांग करेंगे। महतो की तबीयत ठीक नहीं है, कल रात उनका ब्लड शुगर लेवल गिर गया था। फिर भी, उन्होंने हड़ताल जारी रखने का फैसला किया है।” भूख हड़ताल में शामिल छात्र नेता प्रेम नायक ने कहा, “भूख हड़ताल पर यह मेरा छठा दिन है। देवेंद्र बाबू की सेहत भी थोड़ी बिगड़ रही है। आंदोलन को कमजोर करने की कोशिशें हो रही हैं। साथ ही प्रतिनिधिमंडल को बुलाकर सिर्फ खोखले वादे किए जा रहे हैं। मैं सरकार को बस यह साफ कर देना चाहता हूं कि बातचीत के लिए बुलाकर और हमारी मांगें न मानकर हमारा समय बर्बाद न किया जाए।” छात्र नेता महेंद्र प्रसाद मंडल ने कहा, “मैं भी एक छात्र रहा हूं। अपनी छात्र जिंदगी बिताने के बाद जब झारखंड में भ्रष्ट सिस्टम की वजह से हमें नौकरी नहीं मिल पाई, तो हमने आने वाली पीढ़ियों के लिए भूख हड़ताल करने का फैसला किया। सरकार बार-बार प्रतिनिधिमंडल को बुला तो रही है, लेकिन हमारी मांगों पर खुलकर विचार नहीं कर रही है। कल 10 अगस्त है, और विधानसभा तक विरोध मार्च भी निकाला जाएगा।” छात्रों का कहना है कि उनकी मुख्य मांग उन परीक्षाओं को रद्द करना है, जिनमें गड़बड़ी का आरोप है। साथ ही, वे भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच और भविष्य की परीक्षाओं में अधिक पारदर्शिता की भी मांग कर रहे हैं। इससे पहले, शुक्रवार को बातचीत के पहले दौर में सरकार के पांच सदस्यों वाले प्रतिनिधिमंडल और छात्रों के 10 सदस्यों वाले प्रतिनिधिमंडल ने हिस्सा लिया था। छात्रों ने सरकार के सामने अपनी सभी मांगें रखीं और चल रहे आंदोलन के दौरान उठाए गए मुद्दों पर स्पष्ट जवाब मांगा। हालांकि, शनिवार को झारखंड सरकार और विरोध कर रहे छात्रों के बीच बातचीत का दूसरा दौर भी बिना किसी नतीजे के खत्म हो गया। इस बातचीत से दोनों पक्षों के बीच मतभेद दूर नहीं हो सके और न ही विरोध कर रहे छात्र अपना आंदोलन वापस लेने के लिए तैयार हुए। –आईएएनएस ओपी/एएस

Read More »

लाइव टीवी

लाइव क्रिकट स्कोर

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

Quick Link