छह दिन बाद फिर शुरू हुई श्री अमरनाथ यात्रा, भगवती नगर से 18वां जत्था बालटाल के लिए रवाना

जम्मू, 25 जुलाई (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर में लगातार छह दिनों तक खराब मौसम के कारण स्थगित रही श्री अमरनाथ यात्रा एक बार फिर शुरू हो गई है। शनिवार को श्री अमरनाथ यात्रा का 18वां जत्था जम्मू के भगवती नगर से बालटाल मार्ग के जरिए रवाना हुआ।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए खराब मौसम के चलते यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया था। हालांकि, यात्रा स्थगित रहने के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। शनिवार को दोबारा यात्रा शुरू होने पर श्रद्धालु उत्साहित दिखाई दिए।

पहली बार बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए जा रहे एक श्रद्धालु ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “मेरे दिमाग में बस यही है कि बाबा के दर्शन करने हैं। इसलिए हम लोग बारिश के समय में भी यहां दर्शन के लिए पहुंचे हैं।”

तीसरी बार अमरनाथ यात्रा के लिए जम्मू पहुंचे एक अन्य श्रद्धालु ने कहा, “मुझे तीसरी बार यहां आने का अवसर मिला है। मैं पहली बार 2023 में यहां आया था। अभी यहां पर श्रद्धालुओं के लिए अच्छी व्यवस्थाएं हैं।”

मध्य प्रदेश के सागर जिले के निवासी एक व्यक्ति ने कहा, “मैंने पिछली बार 2002 में अपने गुरु के साथ अमरनाथ यात्रा के लिए आया था। बारिश के दौरान हम प्रार्थना कर रहे थे कि यह रुकनी चाहिए, क्योंकि अमरनाथ यात्रा में कुछ दिन ही बाकी हैं।”

छह दिन तक रुकी रही अमरनाथ यात्रा के फिर से शुरू होने पर एक और श्रद्धालु ने कहा, “यात्रा फिर से शुरू होने से मैं बहुत खुश हूं। लोग पिछले 6-7 दिनों से यहां फंसे हुए थे।”

उत्तर प्रदेश के कानपुर निवासी विनेश कुमार साहू ने कहा, “हमारा 7 लोगों का ग्रुप है और हम लोग 19 जुलाई को यहां आए थे। बारिश के कारण छह दिन तक यात्रा रुकी रही। सभी ने यहां यात्रा के दोबारा शुरू होने का इंतजार किया और भगवान शिव की कृपा से आज हम लोग यात्रा के लिए निकल रहे हैं।”

 

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव टीवी

लाइव क्रिकट स्कोर

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

Quick Link