बिहार : भाजपा में शामिल हुए पूर्व सांसद अर्जुन राय समेत कई नेता, संजय सरावगी बोले-विपक्ष में भगदड़ के हालात

पटना, 27 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार भाजपा के प्रदेश कार्यालय में सोमवार को आयोजित मिलन समारोह में विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े कई प्रमुख नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने सभी नए सदस्यों का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया और पार्टी की सदस्यता दिलाई।

इस दौरान उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की लोकप्रियता के कारण विपक्षी दलों के नेताओं का भाजपा की ओर रुझान लगातार बढ़ रहा है। भाजपा में शामिल होने वालों में सीतामढ़ी के पूर्व सांसद अर्जुन राय, कांग्रेस के पूर्व सुरसंड विधानसभा प्रत्याशी एवं सीतामढ़ी के पूर्व लोक अभियोजक विमल शुक्ला, औराई प्रमुख साकेत सुमन, रूनी सैदपुर से कांग्रेस की पूर्व प्रत्याशी मोनी गुप्ता, गया के वार्ड पार्षद मनोज कुमार गुप्ता, वरिष्ठ अधिवक्ता आशीष गिरी तथा पटना उच्च न्यायालय के अधिवक्ता विकास एन. भारती प्रमुख रहे।

इनके अलावा सामाजिक कार्यकर्ता एवं बांकीपुर विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी रहे सिकंदर कुमार कुशवाहा ने भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा को समर्थन देने की घोषणा करते हुए पार्टी की सदस्यता ली। समारोह में कुढ़नी विधानसभा के पूर्व निर्दलीय प्रत्याशी अशोक कुमार गुप्ता, पूर्व मेयर प्रत्याशी कुसुम लता वर्मा तथा पैक्स अध्यक्ष सुधीर प्रसाद ने भी अपने समर्थकों के साथ भाजपा का दामन थामा। पार्टी के अनुसार, बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भी इस अवसर पर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

पूर्व सांसद अर्जुन राय ने रविवार को राजद से इस्तीफा दे दिया था। मिलन समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि भाजपा की विचारधारा, केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार के विकास कार्यों से प्रभावित होकर विभिन्न दलों के नेता पार्टी से जुड़ रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि विपक्षी दलों में कार्यकर्ताओं को घुटन महसूस हो रही है और इसी वजह से वे भाजपा की नीतियों पर भरोसा जताते हुए पार्टी में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और नए सदस्यों के अनुभव तथा जनाधार से पार्टी को और मजबूती मिलेगी। समारोह में बिहार सरकार के मंत्री नीतीश मिश्रा, विधायक बैद्यनाथ प्रसाद, रत्नेश कुशवाहा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share this post:

खबरें और भी हैं...

झारखंड में छात्रों का 16वें दिन विरोध-प्रदर्शन जारी, सरकार पर ‘खोखले वादे’ करने का लगाया आरोप रांची, 9 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड की राजधानी रांची में छात्रों का विरोध प्रदर्शन रविवार को 16वें दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारी छात्रों और राज्य सरकार के बीच बातचीत का दूसरा दौर भी छात्रों की मुख्य मांगों पर किसी नतीजे या समझौते तक पहुंचने में नाकाम रहा। 2 जुलाई को झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की ओर से आयोजित 14वीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितताओं के सामने आने के बाद से ही छात्र जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में लगातार विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। इस आंदोलन के समर्थन में कई छात्र नेता भूख हड़ताल पर बैठे हैं। प्रदर्शनकारी छात्रों ने सरकार पर “खोखले वादे” करने का आरोप भी लगाया है। उनका कहना है कि सरकार उनके प्रतिनिधियों के साथ बार-बार बातचीत तो करती है, लेकिन छात्रों की मांगों को न तो मानती है और न ही उन पर कोई कार्रवाई करती है। छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो 2 अगस्त से भूख हड़ताल पर हैं और शनिवार देर रात से उनकी तबीयत बिगड़ रही है। तबीयत बिगड़ने के बाद डॉक्टरों की एक टीम विरोध स्थल पर पहुंची और महतो को सलाइन चढ़ाया। डॉक्टरों के मुताबिक, उनका ब्लड शुगर लेवल काफी गिर गया था और एहतियात के तौर पर उन्हें सलाइन दिया गया। अपनी बिगड़ती सेहत के बावजूद, महतो ने कहा है कि वे आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगे और न ही अपनी मांगों से समझौता करेंगे। उन्होंने साफ कहा है कि उनकी भूख हड़ताल और छात्रों का व्यापक विरोध-प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा, जब तक कि उम्मीदवारों द्वारा उठाए गए मुद्दों का कोई ठोस समाधान नहीं निकल जाता। आईएएनएस से बात करते हुए महतो ने कहा, “रात करीब 2:30 बजे उन्होंने खून का सैंपल लिया और टेस्ट किया। ब्लड शुगर का लेवल बहुत कम था। उसके बाद, उन्होंने सलाइन देना शुरू किया और तब से हालत में थोड़ा सुधार हुआ है।” डॉक्टर ए.के. सिन्हा कहते हैं, “जो कोई भी लंबे समय तक भूखा रहता है, उसके पेट में ज़्यादा एसिड बनने लगता है। क्योंकि वह कुछ खा नहीं रहा है, इसलिए पेट सामान्य रूप से काम नहीं कर पाता। इसी वजह से उसे सीने में दर्द हो रहा है। हालाँकि, उसका दिल और फेफड़े सामान्य हैं।” इस बीच छात्र नेता चंदन ने सरकार और प्रशासन पर आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “पुलिस अधिकारी और प्रशासन रात में छात्रों को प्रदर्शन स्थल से हटाने की कोशिश कर रहे थे। छात्र अपनी मांगों से पीछे नहीं हटेंगे और न्याय की मांग करेंगे। महतो की तबीयत ठीक नहीं है, कल रात उनका ब्लड शुगर लेवल गिर गया था। फिर भी, उन्होंने हड़ताल जारी रखने का फैसला किया है।” भूख हड़ताल में शामिल छात्र नेता प्रेम नायक ने कहा, “भूख हड़ताल पर यह मेरा छठा दिन है। देवेंद्र बाबू की सेहत भी थोड़ी बिगड़ रही है। आंदोलन को कमजोर करने की कोशिशें हो रही हैं। साथ ही प्रतिनिधिमंडल को बुलाकर सिर्फ खोखले वादे किए जा रहे हैं। मैं सरकार को बस यह साफ कर देना चाहता हूं कि बातचीत के लिए बुलाकर और हमारी मांगें न मानकर हमारा समय बर्बाद न किया जाए।” छात्र नेता महेंद्र प्रसाद मंडल ने कहा, “मैं भी एक छात्र रहा हूं। अपनी छात्र जिंदगी बिताने के बाद जब झारखंड में भ्रष्ट सिस्टम की वजह से हमें नौकरी नहीं मिल पाई, तो हमने आने वाली पीढ़ियों के लिए भूख हड़ताल करने का फैसला किया। सरकार बार-बार प्रतिनिधिमंडल को बुला तो रही है, लेकिन हमारी मांगों पर खुलकर विचार नहीं कर रही है। कल 10 अगस्त है, और विधानसभा तक विरोध मार्च भी निकाला जाएगा।” छात्रों का कहना है कि उनकी मुख्य मांग उन परीक्षाओं को रद्द करना है, जिनमें गड़बड़ी का आरोप है। साथ ही, वे भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच और भविष्य की परीक्षाओं में अधिक पारदर्शिता की भी मांग कर रहे हैं। इससे पहले, शुक्रवार को बातचीत के पहले दौर में सरकार के पांच सदस्यों वाले प्रतिनिधिमंडल और छात्रों के 10 सदस्यों वाले प्रतिनिधिमंडल ने हिस्सा लिया था। छात्रों ने सरकार के सामने अपनी सभी मांगें रखीं और चल रहे आंदोलन के दौरान उठाए गए मुद्दों पर स्पष्ट जवाब मांगा। हालांकि, शनिवार को झारखंड सरकार और विरोध कर रहे छात्रों के बीच बातचीत का दूसरा दौर भी बिना किसी नतीजे के खत्म हो गया। इस बातचीत से दोनों पक्षों के बीच मतभेद दूर नहीं हो सके और न ही विरोध कर रहे छात्र अपना आंदोलन वापस लेने के लिए तैयार हुए। –आईएएनएस ओपी/एएस

Read More »

लाइव टीवी

लाइव क्रिकट स्कोर

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

Quick Link