‘हमारे दल के प्रदर्शन पर गर्व है’, पीएम मोदी ने सीडब्ल्यूजी 2026 में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन को सराहा

नई दिल्ली, 3 अगस्त (आईएएनएस)। कॉमनवेल्थ गेम्स (सीडब्ल्यूजी) 2026 भारत के लिए यादगार रहा। रेसलिंग, बैडमिंटन और शूटिंग जैसे खेलों की गैरमौजूदगी के बावजूद देश की झोली में कुल 39 मेडल आए, जिसमें 13 गोल्ड शामिल रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीडब्ल्यूजी में भारतीय दल के ऐतिहासिक प्रदर्शन की सराहना की है।

पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भारतीय खिलाड़ियों की प्रशंसा करते हुए लिखा, “ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में हमारे दल के प्रदर्शन पर गर्व है। इस बात की खुशी है कि भारत ने 39 मेडल जीते हैं, जिनमें 13 गोल्ड मेडल शामिल हैं। मेडल जीतने वालों को बधाई। पूरे गेम्स के दौरान, हमारे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने बेहतरीन कौशल, दृढ़ संकल्प और समर्पण दिखाया है। उनकी कड़ी मेहनत हमारे युवाओं को प्रेरित करती रहेगी। भविष्य की कोशिशों के लिए पूरे भारतीय दल को मेरी शुभकामनाएं। वे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते रहें और देश का मान बढ़ाते रहें।”

भारत के लिए कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 कई मायनों में ऐतिहासिक रहा। भारत मुक्केबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कुल 10 मेडल अपने नाम किए, जिसमें 7 गोल्ड शामिल रहे। यह पहला मौका है जब मुक्केबाजी में भारत ने 7 गोल्ड जीते हैं। इसके साथ ही देश को सीडब्ल्यूजी के इतिहास में जूडो के खेल में पहली बार दो गोल्ड मेडल मिले। अस्मिता डे ने जूडो में देश को पहला गोल्ड मेडल दिलाया, जबकि हर्ष सिंह भी गोल्ड को अपने नाम करने में कामयाब रहे।

वहीं, गुलवीर सिंह एक ही कॉमनवेल्थ गेम्स में दो मेडल जीतने वाले ‘ट्रैक एंड फील्ड’ में भारत के पहले खिलाड़ी बने। लॉन्ग डिस्टेंस रनर गुलवीर ने पहले 10 हजार मीटर की रेस में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। इसके बाद उन्होंने 5 हजार मीटर की रेस में देश को ब्रॉन्ज मेडल दिलाया। गुलवीर 5 हजार मीटर रेस में मेडल जीतने वाले भी पहले भारतीय एथलीट बने। वेटलिफ्टिंग में मीराबाई चानू ने गोल्ड जीतने की हैट्रिक लगाई। वहीं, लवप्रीत ने कॉमनवेल्थ गेम्स के स्नैच राउंड में नया रिकॉर्ड कायम करते हुए सिल्वर मेडल जीता।

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव टीवी

लाइव क्रिकट स्कोर

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

Quick Link