नई दिल्ली, 6 अगस्त (आईएएनएस)। नौकरी की तलाश में जुटे लोगों के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। दरअसल, भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय के रक्षा उत्पादन विभाग के अंतर्गत गुणवत्ता आश्वासन महानिदेशालय (डायरेक्टरेट जनरल ऑफ क्वालिटी एश्योरेंस) ने ग्रुप ‘सी’, गैर-मंत्रालयी, औद्योगिक पदों पर 7 टेक्नीशियन (अर्ध-कुशल) और 7 टेक्नीशियन (कुशल) की सीधी भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी कर पात्र उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
डीजीक्यूए की ओर से टेक्नीशियन पोस्ट के लिए जारी 14 रिक्तियों के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। फॉर्म अप्लाई करने की अंतिम तिथि रोजगार समाचार में संबंधित पोस्ट के लिए विज्ञापन प्रकाशित होने की तारीख से 21 दिन तय की गई है। वहीं, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, मणिपुर, नगालैंड, त्रिपुरा, सिक्किम, जम्मू-कश्मीर के लद्दाख डिवीजन, लाहौल और स्पीति और चंबा जिले (एचपी) के पांगी सब-डिवीजन, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह एवं लक्षद्वीप के उम्मीदवारों के लिए आवेदन बंद होने की तारीख रोजगार समाचार में विज्ञापन प्रकाशित होने की तारीख से 28 दिन तय की गई है। ऐसे में सभी अभ्यर्थियों को तय समय सीमा के अंदर अपना रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरा करने की सलाह दी जाती है।
टेक्नीशियन (कुशल) पद के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड या उसके समकक्ष से मैट्रिकुलेशन (10वीं कक्षा पास), संबंधित ट्रेड में आईटीआई पास सर्टिफिकेट या केंद्र सरकार या राज्य सरकारों द्वारा मान्यता प्राप्त समकक्ष डिफेंस सर्विसेज ट्रेड्समैन कोर्स होना चाहिए। इसके अलावा कैंडिडेट्स के पास किसी मान्यता प्राप्त संगठन या उपक्रम से संबंधित ट्रेड में एक वर्ष का अनुभव होना भी जरूरी है। वहीं, टेक्नीशियन (अर्ध-कुशल) पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार किसी भी ट्रेड में आईटीआई पास या केंद्र सरकार या राज्य सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त इसके समकक्ष डिफेंस सर्विसेज ट्रेड्समैन कोर्स पूरा किए होने चाहिए।
आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 27 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा (ऑब्जेक्टिव टाइप – बहु-विकल्पीय), शॉर्टलिस्टिंग, ट्रेड टेस्ट, मेडिकल फिटनेस और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी टेक्नीशियन (कुशल) पद के लिए 19,900 से 63,200 रुपए के बीच प्रति माह और टेक्नीशियन (अर्ध-कुशल) पोस्ट के लिए 18,000 से 56,900 रुपए के बीच प्रतिमाह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले पहले रोजगार समाचार की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पोस्ट के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स के साथ आवेदन पत्र को एक लिफाफे में डालकर उसे गुणवत्ता आश्वासन निदेशालय (प्रणालियां) डीजीक्यूए तकनीकी परिसर, मनोविकास नगर डाकघर, सिकंदराबाद-500009 के पते पर तय समय सीमा के अंदर डाक के माध्यम से पहुंचा दें।





