झारखंड में आग से बचाव होगा और तेज, अग्निशमन विभाग को मिले 58 अत्याधुनिक फायर टेंडर, सीएम ने दिखाई हरी झंडी

रांची, 6 अगस्त (आईएएनएस)। आग लगने की स्थिति में अब झारखंड के कई इलाकों में दमकल को घटनास्थल तक पहुंचने में कम समय लगेगा। मिस्ट टेक्नोलॉजी से लैस 58 नए मिनी फायर टेंडर गुरुवार को राज्य अग्निशमन विभाग के बेड़े में शामिल किए गए। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इन्हें हरी झंडी दिखाकर राज्य के विभिन्न जिलों के लिए रवाना किया।

सरकार का कहना है कि नए वाहनों के शामिल होने से आगजनी की घटनाओं पर तेजी से काबू पाने और दुर्गम क्षेत्रों तक राहत पहुंचाने में मदद मिलेगी। नए फायर टेंडर मिस्ट टेक्नोलॉजी से लैस हैं। इनका आकार पारंपरिक दमकल वाहनों की तुलना में छोटा है, जिससे ये शहरों की संकरी गलियों, घनी आबादी वाले इलाकों और ग्रामीण क्षेत्रों तक आसानी से पहुंच सकेंगे।

विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह तकनीक कम पानी में भी आग पर प्रभावी ढंग से नियंत्रण पाने में सक्षम है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि बदलते समय के साथ अग्निशमन सेवाओं को भी आधुनिक बनाना जरूरी है। गैस सिलेंडर विस्फोट, शॉर्ट सर्किट और बहुमंजिला इमारतों में आग लगने जैसी घटनाएं बढ़ी हैं। ऐसे में अत्याधुनिक संसाधनों और तकनीक से लैस अग्निशमन व्यवस्था समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आपदा के समय अपनी जान जोखिम में डालने वाले अग्निशमन कर्मियों को बेहतर उपकरण और सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

अग्निशमन विभाग एवं होमगार्ड के महानिदेशक एमएस भाटिया ने कहा कि विभाग के आधुनिकीकरण की यह शुरुआत है। आने वाले समय में ऊंची इमारतों में राहत एवं बचाव कार्य के लिए हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म, फोम टेंडर और आर्टिकुलेटिंग टावर जैसे अत्याधुनिक उपकरण भी बेड़े में शामिल किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अग्निशमन कर्मियों के प्रशिक्षण, सुरक्षा उपकरणों और आम लोगों में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। समारोह में गृह, पुलिस और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव टीवी

लाइव क्रिकट स्कोर

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

Quick Link