गांधीनगर, 12 अगस्त (आईएएनएस)। गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी के सख्त निर्देश के बाद कार्रवाई करते हुए कच्छ पुलिस ने तीन दिन में ही धोखाधड़ी के मामले को सुलझाते हुए पीड़ितों को उसके 35 लाख रुपए लौटाए हैं।
कच्छ की आशाबेन लगभग तीन साल पहले नौकरी की आवश्यकता होने के कारण एक कंपनी में एजेंट के रूप में जुड़ी थीं। इस दौरान कंपनी की ओर से अधिक आर्थिक लाभ का लालच दिए जाने पर आशाबेन ने अन्य लोगों को भी अपने साथ जोड़ा था। कंपनी ने पैसे दोगुने करके वापस देने की योजनाएं दिखाकर लोगों से बड़ी रकम ले ली थी।
जब अवधि पूरी होने पर पैसे वापस करने का समय आया, तब कंपनी के संचालक बहाने बनाने लगे और अंत में पैसे देने से स्पष्ट रूप से मना कर दिया। इसके कारण अपनी और अन्य लोगों की कमाई फंस जाने से आशाबेन भारी परेशानी में पड़ गई थीं। इस संबंध में न्याय प्राप्त करने के लिए आशाबेन स्वयं गांधीनगर पहुंचीं और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी के समक्ष अपनी आपबीती सुनाई।
उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने इस आवेदन को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए तुरंत पश्चिम कच्छ एसपी को कड़े आदेश दिए कि आवेदक को तत्काल न्याय मिले और उनके पैसे शीघ्र वापस दिलाने के लिए उचित कार्रवाई की जाए।
उपमुख्यमंत्री के आदेश के बाद पश्चिम कच्छ पुलिस तुरंत हरकत में आई। पश्चिम कच्छ पुलिस अधीक्षक विकास सुंडा ने दूसरे ही दिन आवेदक आशाबेन से प्रत्यक्ष मुलाकात करके पूरे घटनाक्रम की जानकारी प्राप्त की। एलसीबी सहित पुलिस टीम ने तत्काल प्रभाव से गहन जांच शुरू की। पुलिस की इस सक्रिय और प्रभावी कार्रवाई के परिणामस्वरूप सिर्फ 3 दिनों में 35 लाख रुपए से अधिक की राशि वापस प्राप्त करने में सफलता मिली है।
पश्चिम कच्छ पुलिस अधीक्षक विकास सुंडा ने कहा कि उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी की ओर से प्राप्त निर्देश के बाद आवेदक से पूरी जानकारी प्राप्त करके पश्चिम कच्छ पुलिस ने ‘तेरा तुझको अर्पण’ अभियान अंतर्गत पूरी तत्परता के साथ कार्रवाई की थी। जिसके परिणामस्वरूप मुंद्रा निवासी आशाबेन सिद्धपुरा को उनके पैसे केवल तीन दिनों में वापस दिलाए जा सके हैं।
अपने जीवनभर की कमाई के पैसे सुरक्षित वापस मिलने पर आशाबेन ने अत्यंत संतोष व्यक्त किया और कहा कि उनका गांधीनगर तक का आना सच में सार्थक रहा है। उन्होंने उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी की कड़ी और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता व पश्चिम कच्छ पुलिस की पूरी पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई के लिए हृदयपूर्वक आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही, आशाबेन ने नागरिकों से अपील की कि अधिक लाभ या डबल पैसे के लालच में आकर ऐसी किसी फ्रॉड कंपनी में निवेश न करें।





