हिमाचल में मानसून फिर पकड़ेगा रफ्तार, इन जिलों में 18 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट

शिमला, 14 अगस्त (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप शर्मा ने बताया कि 14 अगस्त से 18 अगस्त तक पूरे प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहेगा। इस दौरान 14, 17 और 18 अगस्त के लिए कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

संदीप शर्मा आईएएनएस से बातचीत के दौरान बताया कि बीते 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। वहीं कांगड़ा जिले के धर्मशाला में भारी बारिश हुई। आंकड़ों के मुताबिक धर्मशाला में 90 एमएम, बिलासपुर में 44 एमएम और सोलन में लगभग 34 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई।

मौसम वैज्ञानिक ने बताया, “आज 14 अगस्त से लेकर 18 अगस्त तक संभावना है कि प्रदेश में कई क्षेत्र में बारिश का दौर देखने को मिलेगा। 14, 17 और 18 अगस्त को प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश की एक्टिविटी काफी इंटेंस रहेगी। इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने 14 अगस्त, 17 अगस्त और 18 अगस्त के लिए प्रदेश के कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।”

14 अगस्त को ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर में एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा हमीरपुर, चंबा, मंडी में भी भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार सुबह से ही सिरमौर, सोलन, बिलासपुर, कांगड़ा और मंडी में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी।

15 अगस्त को भी प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहेगा। कुल्लू, कांगड़ा, मंडी और शिमला के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। एक-दो स्थानों पर बारिश की तीव्रता ज्यादा हो सकती है।

संदीप शर्मा ने बताया कि 16 अगस्त की देर रात से मानसून की सक्रियता फिर से तेज होगी। 16 अगस्त की देर रात से लेकर 18 अगस्त तक प्रदेश के बहुत सारे क्षेत्रों में मध्यम बारिश देखी जाएगी। 16 अगस्त को चंबा, कांगड़ा, मंडी और शिमला में भारी बारिश की संभावना है। इसलिए इन जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है।

17 और 18 अगस्त को मौसम सबसे ज्यादा खराब रहने वाला है। इन दोनों दिनों में प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। 17 अगस्त को ऊना, बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, मंडी में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसी कारण इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 8 अगस्त को केवल कांगड़ा और आसपास के क्षेत्रों के लिए ऑरेंज कैटेगरी का अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में भारी बारिश की संभावना बनी रहेगी।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण प्रदेश की प्रमुख नदियों और नालों में जलस्तर बढ़ने की संभावना है। भूस्खलन और बाढ़ जैसी स्थिति भी बन सकती है। मौसम विभाग की सलाह है कि लोग जल स्रोतों के आसपास न जाएं। खासकर शिमला, सोलन जैसे पहाड़ी क्षेत्रों में लैंडस्लाइड का खतरा ज्यादा रहेगा। साथ ही, भारी बारिश के समय विजिबिलिटी काफी कम रहेगी, इसलिए अनावश्यक यात्रा न करें। अगर यात्रा करना जरूरी है तो राज्य सरकार द्वारा जारी रोड संबंधी एडवाइजरी का पालन करें।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 अगस्त से 14 अगस्त तक पूरे प्रदेश में सामान्य से 22 प्रतिशत कम बारिश हुई है। इसमें केवल कुल्लू और शिमला में सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई। बाकी जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है। 1 जून से 14 अगस्त तक के पूरे मानसून सीजन की बात करें तो प्रदेश में अभी तक सामान्य से 10 प्रतिशत कम बारिश हुई है।

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव टीवी

लाइव क्रिकट स्कोर

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

Quick Link