अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि : प्रधानमंत्री मोदी सहित कई केंद्रीय मंत्रियों ने दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली, 16 अगस्त (आईएएनएस)। पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई केंद्रीय मंत्रियों ने याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पोस्ट में कहा, “अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी पुण्यतिथि पर याद कर रहा हूं। अद्भुत दूरदर्शिता वाले एक असाधारण राजनेता के तौर पर, उन्होंने अपना जीवन देश की सेवा में समर्पित कर दिया। उनके विचारों और प्रयासों ने कई पीढ़ियों को प्रेरित किया और उनके नेतृत्व ने हमारे देश को मजबूत बनाया। सुशासन और जन-कल्याण पर उनका जोर हमेशा हमारा मार्गदर्शन करता रहेगा।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने एक्स पर लिखा, “पूर्व प्रधानमंत्री व भाजपा के संस्थापक भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन करता हूं। अटल जी एक ऐसे देशभक्त राजनेता थे, जिन्होंने अपने जीवन का एक-एक क्षण देश सेवा को समर्पित कर दिया। एक ओर उन्होंने परमाणु परीक्षण व कारगिल युद्ध में पूरी दुनिया को भारत की शक्ति से परिचित करवाया, वहीं दूसरी ओर उनकी मूल्य-आधारित राजनीति ने पहली बार अन्त्योदय व सुशासन की कल्पना को जमीन पर उतारा। अटल जी का विराट व्यक्तित्व व नेतृत्व भाजपा के हर कार्यकर्ता को राष्ट्र निर्माण के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा।”

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर पोस्ट किया,”अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटि-कोटि नमन एवं विनम्र श्रद्धांजलि। अटल जी ने अपने विचारों और कार्यों से भारतीय लोकतंत्र को समृद्ध किया। उन्होंने आजीवन ‘राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम’ की भावना के साथ कार्य किया। उनके लिए राजनीति का मूल उद्देश्य राष्ट्रहित और जनसेवा था। अटल जी के नेतृत्व में भारत ने सामरिक शक्ति, आर्थिक विकास और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया। उन्होंने देश को मजबूत और आत्मविश्वासी बनाने तथा विकास की नई दिशा देने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका व्यक्तित्व, उनके आदर्श और राष्ट्रसेवा का उनका संकल्प सदैव हम सभी को प्रेरणा देता रहेगा।”

सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स पोस्ट में कहा, “पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी करोड़ों कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्रोत है। एक कुशल संगठनकर्ता के रूप में विचारधारा और सिद्धांतों पर आधारित अटलजी का जीवन राष्ट्र के प्रति सदैव समर्पित रहा। आज उनके स्मृति दिवस पर उन्हें कोटि-कोटि वंदन।”

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने एक्स पोस्ट में कहा, “पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि पर उन्हें भावपूर्ण नमन। अटल जी भारतीय राजनीति के ऐसे युगपुरुष थे, जिनके व्यक्तित्व में राष्ट्रनिष्ठा, लोकतांत्रिक मूल्यों, संवेदनशीलता और अद्भुत वक्तृत्व का अनूठा संगम था। पांच दशकों से अधिक लंबे संसदीय जीवन में वे लोक सभा के लिए दस बार और राज्य सभा के लिए दो बार निर्वाचित हुए। एक प्रखर सांसद, ओजस्वी वक्ता, सिद्धहस्त पत्रकार और संवेदनशील कवि के रूप में भी अटल जी सदैव स्मरण किए जाते रहेंगे।”

उन्होंने आगे कहा, “प्रधानमंत्री के रूप में अटल जी ने भारत की लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूती देने के साथ देश की विदेश नीति और वैश्विक भूमिका को नई दिशा दी। उनका नेतृत्व एक ऐसे सशक्त, आत्मविश्वासी और आधुनिक भारत की परिकल्पना से प्रेरित था, जो अपनी गौरवशाली सभ्यता और लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ विश्व पटल पर मजबूती से आगे बढ़े। उनकी वाणी में राष्ट्र के प्रति दृढ़ संकल्प था, उनकी कविता में संवेदनशील मन की अभिव्यक्ति और उनके जीवन में जनसेवा एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति अटूट समर्पण। अटल जी का व्यक्तित्व, विचार और आदर्श आने वाली पीढ़ियों को सदैव राष्ट्रसेवा, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों की राह दिखाते रहेंगे।”

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने एक्स पर लिखा, “नए भारत के स्वप्नद्रष्टा, भारतीय राजनीति के शिखर पुरुष, सुशासन के आदर्श प्रतिमान, मेरे जैसे असंख्य कार्यकर्ताओं के प्रेरणापुंज, पूर्व प्रधानमंत्री, ‘भारत रत्न’ अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। अपने दूरदर्शी नेतृत्व में उन्होंने राष्ट्र को विकास की अभूतपूर्व ऊंचाइयों पर पहुंचाया। अटल जी ने विचारधारा के प्रति समर्पण और मूल्य-आधारित राजनीति से देश में विकास और सुशासन के नए युग का सूत्रपात किया। एक सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण के लिए उनके अद्वितीय प्रयासों को सदैव स्मरण किया जाएगा।”

केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने एक्स पोस्ट में कहा, “राष्ट्रसेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीति में शुचिता के आदर्श पुरुष, पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटि-कोटि नमन! उनका विराट व्यक्तित्व, राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण और ओजस्वी विचार सदैव देशवासियों को प्रेरणा देते रहेंगे। माँ भारती की सेवा के लिए समर्पित उनका जीवन और राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने का आदर्श हम सभी के लिए सदैव पथ-प्रदर्शक रहेगा।”

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने एक्स पोस्ट में कहा, “पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी पुण्यतिथि पर मेरी विनम्र श्रद्धांजलि। मैं अटल बिहारी वाजपेयी के प्यार और आशीर्वाद को हमेशा याद रखूंगा। अटल जी हमारे इतिहास में, विचारधारा और संस्कारों में सदैव जीवित रहेंगे।”

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने एक्स पर पोस्ट किया,”आज भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। भारत की सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और कूटनीति में उनके अमूल्य योगदान को हमेशा याद किया जाएगा और सराहा जाएगा।”

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव टीवी

लाइव क्रिकट स्कोर

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

Quick Link