गुवाहाटी, 6 मई । असम में भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की सरकार 12 मई को शपथ ले सकती है। विधानसभा चुनावों में गठबंधन की निर्णायक जीत के बाद लगातार तीसरी बार सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया है।
सूत्रों के मुताबिक, एनडीए विधायक दल की बैठक 10 मई को सुबह 10 बजे गुवाहाटी में होगी, जिसमें गठबंधन के विधायक अपने नेता का औपचारिक चुनाव करेंगे। इसके मद्देनजर सभी विजयी एनडीए उम्मीदवारों को 9 मई तक गुवाहाटी पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक और सरकार गठन की प्रक्रिया में शामिल होने के लिए भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के भी 9 मई को असम पहुंचने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार, विधायक दल की बैठक के बाद एनडीए राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य के समक्ष 10 मई की शाम को सरकार बनाने का दावा पेश कर सकता है।
हाल ही में संपन्न हुए असम विधानसभा चुनाव में भाजपा-नीत गठबंधन ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया है, जिससे मौजूदा मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के एक बार फिर सत्ता में लौटने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
इससे पहले मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा था कि संवैधानिक और संगठनात्मक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 11 मई के बाद नई सरकार का गठन और शपथ ग्रहण होगा।
राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को इस्तीफा सौंपने के बाद मीडिया से बातचीत में सरमा ने बताया कि चुनाव आयोग ने औपचारिक रूप से चुनाव परिणामों की अधिसूचना जारी कर दी है, जिसके बाद उन्होंने लोकतांत्रिक परंपरा के तहत अपने मंत्रिपरिषद के साथ इस्तीफा दे दिया।
उन्होंने कहा, “चुनाव आयोग ने आधिकारिक तौर पर परिणाम घोषित कर राज्यपाल को अधिसूचना सौंप दी है। इसके तुरंत बाद मैंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया और वर्तमान असम विधानसभा को भंग करने की सिफारिश भी की।”
सरमा ने बताया कि राज्यपाल ने उनकी दोनों सिफारिशें स्वीकार कर ली हैं और नई सरकार के गठन तक मौजूदा सरकार को कार्यवाहक के रूप में काम जारी रखने को कहा है।
उन्होंने कहा, “नई सरकार के गठन तक हम कार्यवाहक सरकार के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभाते रहेंगे।”





