आंध्र पुलिस : एक ही परिवार के तीन लोगों ने की आत्महत्या, शूटिंग अकादमी के कोच की तलाश जारी

अमरावती, 18 अगस्त (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश पुलिस ने एक शूटिंग अकादमी के कोच की बड़े पैमाने पर तलाश शुरू कर दी है, जिस पर एक सरकारी कर्मचारी, उसकी पत्नी और बेटी की आत्महत्या के लिए जिम्मेदार होने का आरोप है।

राजमहेंद्रवरम और काकीनाडा पुलिस की दस टीमें काकीनाडा में शूटिंग अकादमी के फाउंडर और कोच सादिक खान की तलाश कर रही।

दरअसल, काकीनाडा जिले के पिथापुरम मंडल में पंचायत राज विभाग में असिस्टेंट इंजीनियर के तौर पर काम करने वाले के. नूका राजू ने रविवार रात राजमहेंद्रवरम शहर में रोड-कम-रेल ब्रिज से अपनी पत्नी, बेटी और 10 वर्ष के पोते कार्तिकेय रेड्डी के साथ गोदावरी नदी में छलांग लगा दी। हालांकि, मछुआरों ने लड़के को बचा लिया और वह नदी के बीच एक टापू पर बेहोश पड़ा था।

वहीं, 61 वर्ष के नूका राजू का शव सोमवार शाम को बरामद किया गया, जबकि उनकी पत्नी मीना (58) और बेटी सौजन्या (38) की तलाश जारी थी।

स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (एसडीआरएफ) के जवान, माहिर गोताखोरों की मदद से मंगलवार को भी तलाशी अभियान जारी है।

मृतकों के कार में मिले एक सुसाइड नोट में आरोप लगाया गया है कि ‘प्रो शूटिंग अकादमी’ चलाने वाले सादिक खान ने राजू की बेटी के पति जगदीश रेड्डी की हाल ही में हुई मौत के बाद उनकी बेटी को परेशान करना शुरू कर दिया था।

काकीनाडा जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को लिखे सुसाइड नोट में राजू ने लिखा कि सादिक उनकी बेटी का पीछा कर रहा था और उसकी देखभाल करने का वादा कर रहा था। आरोप है कि जब उन्होंने उसका प्रस्ताव ठुकरा दिया, तो उसने राजू और उनके पोते को जान से मारने की धमकी दी। उसने कथित तौर पर उनका कीमती सामान भी ले लिया था।

राजू ने लिखा कि उनके परिवार ने अपनी जान देने का फैसला किया क्योंकि वे अपनी बेटी के साथ हो रहे अत्याचारों का सामना नहीं कर पा रहे थे।

राजू के पोते के बयान और सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 108 के तहत ‘आत्महत्या के लिए उकसाने’ के आरोप में सादिक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

वहीं, मंगलवार को मामले ने एक नया मोड़ ले लिया जब सौजन्या के ससुर भास्कर रेड्डी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और आरोप लगाया कि उनके बेटे जगदीश रेड्डी की मौत में सादिक का हाथ था।

भास्कर रेड्डी ने दावा किया कि 2 जुलाई को उनके बेटे को जहरीला पदार्थ इंजेक्ट किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। उन्हें इस कथित हत्या में सादिक और एक अन्य व्यक्ति के शामिल होने का शक है। भास्कर रेड्डी ने बताया कि मामले में नई बातें तब सामने आईं जब उन्होंने अपने पोते कार्तिकेय रेड्डी से बात की, जो सादिक की एकेडमी में राइफल शूटिंग सीख रहा था।

जगदीश रेड्डी की मौत के बाद, सादिक उनके घर आने-जाने लगा था और सौजन्या के करीब आने की कोशिश करने लगा था। भास्कर रेड्डी की शिकायत पर काकीनाडा के सर्पावरम पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। खुदकुशी के मामले की जांच के दौरान, पुलिस को सौजन्या की कार से कुछ चिट्ठियां मिलीं।

इससे पहले डिप्टी सीएम पवन कल्याण ने काकीनाडा के एसपी जी. बिंदु माधव और ईस्ट गोदावरी के एसपी डी. नरसिम्हा किशोर से बात की और उनसे जांच में तेजी लाने को कहा।

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव टीवी

लाइव क्रिकट स्कोर

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

Quick Link