आरसीएफएल ने 94 मैनेजमेंट ट्रेनी पदों के लिए बढ़ाई आवेदन की अंतिम तारीख, अब 20 सितंबर तक मौका

मुंबई, 11 सितंबर (आईएएनएस)। नौकरी की तलाश में जुटे लोगों के हाथ से एक बेहतरीन मौका निकलने वाला है। दरअसल, राष्ट्रीय केमिकल्स एंड फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (आरसीएफएल) ने विभिन्न विषयों के आधार पर प्रबंधन प्रशिक्षार्थी (मैनेजमेंट ट्रेनी) के कुल 94 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियों की घोषणा की थी।

आरसीएफएल की ओर से जारी 94 रिक्तियों में मैनेजमेंट ट्रेनी (केमिकल) के 32, मैनेजमेंट ट्रेनी (बॉयलर) के 6, मैनेजमेंट ट्रेनी (मैकेनिकल) के 4, मैनेजमेंट ट्रेनी (इलेक्ट्रिकल) के 10, मैनेजमेंट ट्रेनी (इंस्ट्रूमेंटेशन) के 9, मैनेजमेंट ट्रेनी (सामग्री) का 1, मैनेजमेंट ट्रेनी (सिविल) का 1, मैनेजमेंट ट्रेनी (फायर) का 1, मैनेजमेंट ट्रेनी (सीसी लैब) का 1, मैनेजमेंट ट्रेनी (इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग) के 2, मैनेजमेंट ट्रेनी (इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी) के 5, मैनेजमेंट ट्रेनी (राजभाषा) के 2, मैनेजमेंट ट्रेनी (फाइनेंस) के 10 और मैनेजमेंट ट्रेनी (मार्केटिंग) के 10 पद शामिल हैं।

मैनेजमेंट ट्रेनी के इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 8 अगस्त की सुबह 8 बजे से शुरू हो गई और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 24 अगस्त की शाम 5 बजे तक तय की गई थी, जिसे आगे बढ़ाकर अब 20 सितंबर तक कर दिया गया है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरने से चूक गए थे, उन्हें सलाह दी जाती है कि वे आरसीएफएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि की शाम 5 बजे तक अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरा कर लें।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से पद से संबंधित विषय और क्षेत्र के अनुसार न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों के साथ बीई/बीटेक, पीएचडी, मास्टर डिग्री, सीए/सीएमए, ग्रेजुएशन, एमबीए/एमएमएस/पीजीडीएम, आदि योग्यता होनी चाहिए।

आवेदकों की अधिकतम आयु 27 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना एक फरवरी 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन ऑनलाइन परीक्षा, व्यक्तिगत साक्षात्कार, दस्तावेजों की जांच और मेडिकल जांच के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 40,000 से 1,40,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी (एनसीएल)/ईडब्ल्यूएस के लिए 1,000 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/पूर्व-सैनिक/पीडब्ल्यूबीडी और महिला उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव टीवी

लाइव क्रिकट स्कोर

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

Quick Link