ईएसआईसी में एसोसिएट प्रोफेसर समेत 19 पदों पर भर्ती का सुनहरा मौका, 8-9 सितंबर को वॉक-इन इंटरव्यू

नई दिल्ली, 29 अगस्त (आईएएनएस)। मेडिकल क्षेत्र से जुड़े जो लोग नौकरी की तलाश में हैं, उनके लिए एक बेहतरीन मौका सामने आया है। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) डेंटल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, रोहिणी, दिल्ली ने अपने विभिन्न विभागों में एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के कुल 19 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किए हैं।

ईएसआईसी की ओर से जारी रिक्तियों में एसोसिएट प्रोफेसर के 9 और असिस्टेंट प्रोफेसर के 10 पद शामिल हैं। वहीं, जिन विभागों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 10 पदों पर भर्ती निकली है, उनमें एनेस्थीसिया में 1, जनरल मेडिसिन में 2, जनरल सर्जरी में 2, ह्यूमन एनाटॉमी में 1, ह्यूमन साइकोलॉजी में 1, ओरल मैक्सिलोफेशियल सर्जरी और ओरल इम्प्लांटोलॉजी में 2 और फार्माकोलॉजी में 1 पद शामिल हैं।

ईएसआईसी ने अपने जिन विभागों में एसोसिएट प्रोफेसर के 9 पदों पर भर्ती निकाली है, उनमें एनेस्थीसिया में 1, कंजर्वेटिव/एंडोडोंटिक्स में 1, जनरल मेडिसिन में 1, जनरल सर्जरी में 1, ओरल मैक्सिलोफेशियल सर्जरी और ओरल इम्प्लांटोलॉजी में 3, पीडियाट्रिक और प्रिवेंटिव डेंटिस्ट्री/पेडोडोंटिक्स में 1 और फार्माकोलॉजी में 1 पद शामिल हैं।

इन पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए 1,50,294 रुपए और एसोसिएट प्रोफेसर पोस्ट के लिए 1,50,294 रुपए प्रति माह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के पास मेडिकल फैकल्टी पदों के लिए एनएमसी द्वारा 14 फरवरी 2022 को जारी ‘मेडिकल संस्थानों में शिक्षकों की योग्यता संबंधी नियम, 2022’ के अनुसार, बीडीएस ग्रेजुएट जिनके पास ह्यूमन एनाटॉमी, ह्यूमन फिजियोलॉजी, ह्यूमन बायोकेमिस्ट्री, जनरल पैथोलॉजी, फार्माकोलॉजी और माइक्रोबायोलॉजी में एमएससी डिग्री है। वहीं, डेंटल फैकल्टी पद के लिए डेंटल काउंसिल ऑफ इंडिया के बीडीएस नियम 2007 के अनुसार, आवेदकों को डीसीआई बीडीएस/एमडीएस कोर्स नियमों में बताए गए प्रावधानों का सख्ती से पालन करना होगा, जिनमें समय-समय पर संशोधन किए गए हैं।

आवेदकों की अधिकतम आयु मेडिकल फैकल्टी पद के लिए 67 वर्ष और दंत डेंटल फैकल्टी पोस्ट के लिए 62 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना इंटरव्यू की तारीख के आधार पर की जाएगी।

वॉक-इन इंटरव्यू मेडिकल पद के लिए 8 सितंबर को और डेंटल पोस्ट के लिए 9 सितंबर को ‘डीन कार्यालय, ईएसआईसी डेंटल कॉलेज और हॉस्पिटल, रोहिणी सेक्टर-15, दिल्ली 110089’ पते पर सुबह 11 बजे से आयोजित किए जाएंगे। वहीं, इंटरव्यू के दिन ही उम्मीदवारों का रजिस्ट्रेशन और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन सुबह 9 बजे से सुबह 11 बजे तक किया जाएगा। ऐसे में जो उम्मीदवार साक्षात्कार में शामिल होने वाले हैं, उन्हें समय से केंद्र पर पहुंचने के अलावा अपने साथ भरे हुए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी के साथ सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स की मूल और फोटोकॉपी को साथ ले जाने की सलाह दी जाती है।

आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 500 रुपए तय किया गया है। वहीं, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/दिव्यांग वर्ग/विभागीय उम्मीदवार/महिला उम्मीदवार और पूर्व सैनिक को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

आवेदन पत्र डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले ईएसआईसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पोस्ट के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें और याद से इंटरव्यू के दिन केंद्र पर ले जाएं।

कैंडिडेट्स ध्यान दें कि ईएसआईसी की ओर से यह नियुक्ति 1 वर्ष के लिए होगी, जिसे संतोषजनक प्रदर्शन के आधार पर 2 और वर्ष के लिए बढ़ाया जा सकता है या फिर रेगुलर फैकल्टी के जॉइन करने तक (जो भी पहले हो) जारी रहेगी।

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव टीवी

लाइव क्रिकट स्कोर

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

Quick Link