पूर्णिया, 14 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। तस्कर पुलिस की नजरों से बचने के लिए लगातार नए-नए तरीके अपना रहे हैं। कभी एंबुलेंस तो कभी डाक पार्सल के जरिए शराब की तस्करी के मामले सामने आते रहे हैं। अब पूर्णिया में हाइड्रेशन ड्रिंक यानी ओआरएस की आड़ में विदेशी शराब की बड़ी खेप ले जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रक से 1074.6 लीटर विदेशी शराब बरामद की है और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक असम से शराब की खेप लेकर पूर्णिया के रास्ते समस्तीपुर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जीरो माइल शीशाबाड़ी मस्जिद के पास घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया। ट्रक में चालक के अलावा दो अन्य लोग भी सवार थे।
पुलिस ने जब ट्रक में रखे सामान के बारे में पूछताछ की तो आरोपियों ने बताया कि इसमें एप्पल हाइड्रेशन ड्रिंक है। पुलिस को संदेह होने पर ट्रक की विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान सामने आया कि हाइड्रेशन ड्रिंक की आड़ में विदेशी शराब की बड़ी खेप छिपाकर ले जाई जा रही थी।
पुलिस ने ट्रक से विभिन्न ब्रांड की 110 पेटी विदेशी शराब बरामद की। बरामद शराब की कुल मात्रा 1074.6 लीटर बताई गई है। इसके अलावा ट्रक से 1100 पेटी एप्पल हाइड्रेशन ड्रिंक भी मिली, जिसकी कुल मात्रा करीब 17,820 लीटर बताई गई है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि बरामद शराब समस्तीपुर के नीतीश कुमार की है। इसके बाद पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क की पूरी कड़ी खंगालने में जुट गई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि शराब की खेप कहां से मंगाई गई थी और इसे समस्तीपुर में किसके पास पहुंचाया जाना था।
मामले में पुलिस ने ट्रक चालक सह मालिक भूषण राय, प्रमोद राय और नीलेश कुमार को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी समस्तीपुर जिले के हलई थाना क्षेत्र के चकजलाल गांव के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। इस कार्रवाई ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि शराब तस्कर बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्करी के लिए नए-नए हथकंडे अपना रहे है।





