ओडिशा विजिलेंस ने 55.69 लाख के गबन के आरोप में तीन को किया गिरफ्तार

भुवनेश्वर, 6 अगस्त (आईएएनएस)। ओडिशा विजिलेंस ने गुरुवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें एक पूर्व जूनियर इंजीनियर, एक म्युनिसिपल इंजीनियर और एक प्राइवेट कॉन्ट्रैक्टर शामिल हैं। इन तीनों पर राज्य के गजपति जिले के परलाखेमुंडी में पटनायक टैंक के सुधार और नवीनीकरण प्रोजेक्ट में 55.69 लाख रुपए से ज्यादा के गबन में शामिल होने का आरोप है।

आरोपियों की पहचान पूर्व जूनियर इंजीनियर डी. युधिष्ठिर, म्युनिसिपल इंजीनियर संजीव चंपाती और प्राइवेट कॉन्ट्रैक्टर सुरेंद्र पाणिग्रही के तौर पर की गई है।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, यह गिरफ्तारी 2019 और 2022 के बीच ‘पट्टनायक टैंक’ के सुधार और नवीनीकरण प्रोजेक्ट में कथित वित्तीय अनियमितताओं की एंटी-करप्शन एजेंसी के अधिकारियों द्वारा की गई गहन जांच के बाद हुई है।

आधिकारिक बयान में कहा गया है, “ओडिशा विजिलेंस की गहन जांच से पता चला है कि नकली मेजरमेंट बुक (एमबी) एंट्री और घटिया क्वालिटी के काम के जरिए सरकारी फंड में 55,69,033 रुपए का सुनियोजित तरीके से गबन किया गया।”

जांच में पाया गया कि कानूनी टैक्स कटौती के बाद कॉन्ट्रैक्टर को तीन ‘रनिंग अकाउंट’ (आरए) बिलों के जरिए कुल 1,22,40,700 रुपए का भुगतान किया गया था। जांच के दौरान, विजिलेंस अधिकारियों को पता चला कि पूर्व जूनियर इंजीनियर युधिष्ठिर ने जानबूझकर आधिकारिक मेजरमेंट बुक्स में गलत और बढ़ा-चढ़ाकर एंट्री की। उन्होंने ऐसे काम को प्रमाणित किया जो या तो हुआ ही नहीं था या तय मानकों से कमतर था।

बाद में, कथित गड़बड़ियों के बावजूद, अनिवार्य ‘चेक मेजरमेंट’ प्रक्रिया के दौरान म्युनिसिपल इंजीनियर चंपाती ने इन गलत मापों को सत्यापित किया और सही ठहराया।

विजिलेंस ने कहा कि इन्हीं प्रमाणित मापों के आधार पर प्रोजेक्ट की पूरी रकम कॉन्ट्रैक्टर सुरेंद्र पाणिग्रही को जारी कर दी गई।

ओडिशा विजिलेंस द्वारा बाद में की गई एक स्वतंत्र तकनीकी जांच से पता चला कि 55,69,033 रुपए मूल्य का काम या तो हुआ ही नहीं था या घटिया क्वालिटी का था, जिसके कारण राज्य के खजाने को उतनी ही रकम का नुकसान हुआ।

इन नतीजों के बाद, ओडिशा विजिलेंस ने ब्रह्मपुर विजिलेंस पुलिस स्टेशन में तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया।

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव टीवी

लाइव क्रिकट स्कोर

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

Quick Link