भोपाल 14 अगस्त (आईएएनएस) मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला है और कहा है कि कांग्रेस सत्य नहीं जानती तो वह सत्याग्रह क्या करेगी । दरअसल उत्तराखंड के हल्द्वानी में भाजपा समर्थित संगठनों द्वारा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम स्थल को गंगाजल से शुद्धिकरण किए जाने के विरोध में कांग्रेस भोपाल में शुक्रवार को सत्याग्रह पैदल मार्च निकालने जा रही है।
कांग्रेस के सत्याग्रह को लेकर मुख्यमंत्री यादव ने कहा है कि कांग्रेस सत्य नहीं जानती तो सत्याग्रह क्या करेगी, उनके आचरण से कदम – कदम पर कूटनीति झलकती है। झूठ की पराकाष्ठा होती है, कांग्रेस को आत्म मूल्यांकन करने की ज़रूरत है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार को भोपाल के दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उन्होंने तिरंगे के सम्मान और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया। राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत इस यात्रा में बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर देशप्रेम की भावना को अभिव्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर हम सभी नौ अगस्त से 17 अगस्त के बीच “हर घर तिरंगा अभियान” के तहत 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हमें गर्व है कि हमारा भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र युवा देश है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के ध्येय के साथ भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि आज ‘विभाजन विभीषिका दिवस’ है। यह दिन भारत के बंटवारे की भीषण त्रासदी और उससे उपजी पीड़ा को स्मरण करने का अवसर है। बंटवारे के बाद तत्कालीन पाकिस्तान में रहने वाले सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति को मानने वाले अनेक लोगों को अपना सबकुछ छोड़कर भारत लौटना पड़ा। भारत आने की इस यात्रा में भी उन्हें अनेक कठिनाइयों और पीड़ाओं का सामना करना पड़ा।





