कुलदीप यादव यॉर्कशायर से जुड़े, ‘वन-डे कप’ और ‘काउंटी चैंपियनशिप’ खेलते नजर आएंगे

लीड्स, 22 जुलाई (आईएएनएस)। बाएं हाथ के रिस्ट-स्पिनर कुलदीप यादव ने मौजूदा घरेलू सीजन के लिए इंग्लिश काउंटी टीम यॉर्कशायर के साथ करार किया है। क्लब ने बुधवार को भारत के प्रमुख खिलाड़ी के जुड़ने की घोषणा की। 

इस समझौते के तहत, कुलदीप सितंबर में यॉर्कशायर के आखिरी चार काउंटी चैंपियनशिप मुकाबलों में से तीन खेलने के लिए हेडिंग्ले लौटने से पहले पांच वन-डे कप मैचों में हिस्सा लेंगे। उनका यह कार्यकाल शुक्रवार को नीथ में ग्लैमॉर्गन के खिलाफ 50 ओवरों के मैच से शुरू होगा।

कुलदीप यादव इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज का हिस्सा थे, लेकिन उन्हें एक भी मुकाबला खेलने का मौका नहीं मिल सका। इस फैसले ने फैंस को हैरान किया। कुलदीप ने क्लब की तरफ से जारी बयान में कहा, “मैं यॉर्कशायर से जुड़कर बहुत खुश हूं और इस मौके के लिए आभारी हूं। यॉर्कशायर के शानदार इतिहास वाले क्लब का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए सम्मान की बात होगी। मुझे हमेशा इंग्लिश परिस्थितियों में खेलने की चुनौती पसंद है। मैनेजमेंट से बात करने के बाद, मैं टीम से जुड़ने के लिए बहुत उत्साहित हो गया और हेडिंग्ले में अपने समय के दौरान सकारात्मक योगदान देने के लिए उत्सुक हूं।”

31 वर्षीय कुलदीप यादव ने 18 टेस्ट मुकाबलों में 22.35 की औसत के साथ 79 विकेट हासिल किए हैं। इस दौरान साल 2024 में इंग्लैंड के विरुद्ध पांच मुकाबलों की टेस्ट सीरीज में 19 विकेट हासिल किए थे। 

वनडे फॉर्मेट में कुलदीप ने 121 मुकाबलों में 194 विकेट निकाले हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 25/6 रहा है। कुलदीप ने भारत की तरफ से 54 टी20 मुकाबले खेले, जिसमें 13.74 की औसत के साथ 95 विकेट चटकाए।

यॉर्कशायर के क्रिकेट महाप्रबंधक गैविन हैमिल्टन ने कहा कि कुलदीप के आने से सीजन के अहम आखिरी चरण में उनकी गेंदबाजी को मजबूती मिलेगी। हैमिल्टन ने कहा, “कुलदीप एक बेहतरीन, अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हैं जो इन मैचों के दौरान हमारी टीम को बहुत मजबूती देंगे। इस गर्मी में मौसम सूखा रहा है, इसलिए हमें उम्मीद है कि सीजन के आखिरी दौर में स्पिन अहम भूमिका निभाएगी। कुलदीप अपनी बाएं हाथ की रिस्ट-स्पिन से हमें एक नया आयाम देते हैं और उनके पास उच्चतम स्तर का अनुभव है। हम यॉर्कशायर में उनका स्वागत करते हुए बहुत खुश हैं।”

कुलदीप के अलावा, युजवेंद्र चहल (नॉर्थम्पटनशायर), जयदेव उनादकट (ससेक्स), मानव सुथार (वार्विकशायर), आर. साई किशोर (ग्लॉस्टरशायर) और आशुतोष शर्मा (हैम्पशायर) काउंटी डील हासिल करने वाले अन्य भारतीय खिलाड़ी हैं।

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव टीवी

लाइव क्रिकट स्कोर

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

Quick Link