कोई वोट नहीं चोरी हुई, राहुल गांधी का दिमाग चोरी हो गया है : सीएम फडणवीस
नागपुर, 27 सितंबर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भले ही संविधान दिखा रहे हैं, लेकिन उनका प्लान कुछ और ही है। उनका मकसद संविधान को सामने रखकर संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करना है।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा,
“राहुल गांधी का मकसद सभी संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करना और उनके प्रति जनता के मन में अविश्वास पैदा करना है। वे एक ऐसी व्यवस्था बनाना चाहते हैं जिससे लोगों का भरोसा इन संस्थाओं से उठ जाए और देश में अराजकता फैले। जब जनता यह मानने लगेगी कि मौजूदा संवैधानिक व्यवस्था उन्हें न्याय नहीं दे सकती, तब इन सभी संस्थाओं को वामपंथी विचारधारा की ओर धकेल दिया जाएगा। यह राहुल गांधी का एक सुनियोजित डिजाइन है।”
एसआईआर और वोट चोरी के आरोपों पर भी मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी को घेरा।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर एसआईआर के जरिए वोट हटाए गए तो टीएमसी कैसे जीती।
सीएम फडणवीस ने कहा,
“मैं एक सवाल पूछना चाहता हूं। पश्चिम बंगाल के चुनाव में जिन क्षेत्रों में एसआईआर के कारण बड़े पैमाने पर वोट कम हुए, ऐसे कम से कम 15 क्षेत्र हैं जहां टीएमसी जीतकर आई। अगर एसआईआर के जरिए भाजपा-विरोधी वोटों को हटाया गया, तो फिर उन क्षेत्रों में टीएमसी कैसे जीतकर आई?”
उन्होंने कहा कि जहां तक एसआईआर का सवाल है,
इसमें सभी को अवसर मिलता है। हर राजनीतिक दल प्रत्येक बूथ पर अपना बूथ लेवल एजेंट यानी बीएलए नियुक्त कर सकता है और बीएलए को आपत्ति दर्ज कराने का अधिकार है। आप मतदाता सूची के एक-एक पन्ने और एक-एक नाम पर आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
सीएम फडणवीस ने कहा,
“अगर किसी पात्र मतदाता का नाम छूट गया है, तो आप आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। अगर किसी व्यक्ति का नाम सूची में नहीं होना चाहिए, तो उस पर भी आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। लेकिन आप इस प्रक्रिया में कुछ करते नहीं हैं,जबकि आपको पता है कि प्रक्रिया चल रही है।”
मुख्यमंत्री ने कहा
कि प्रक्रिया में पांच-दस प्रतिशत गड़बड़ी भी हो जाए और किसी व्यक्ति का नाम छूट जाए, तो वह व्यक्ति बाद में जाकर अपनी आपत्ति दर्ज करा सकता है।
उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा,
“आपको प्रक्रिया में शामिल नहीं होना है, आपको केवल हंगामा खड़ा करना है। आपको पता है कि जनता आपको स्वीकार नहीं कर रही है और आपके पास मुद्दे भी नहीं हैं, इसलिए इस प्रकार के मुद्दे बनाए जा रहे हैं।”
राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए सीएम फडणवीस ने कहा,
“मैं बहुत साफ शब्दों में कहना चाहता हूं, कोई वोट चोरी नहीं हुई है, राहुल गांधी का दिमाग चोरी हो गया है। और जब उनका दिमाग चोरी हो गया है, तो मैं प्रधानमंत्री से निवेदन करना चाहता हूं कि ऐसी कोई कमेटी भी बनाई जाए, जो उनका दिमाग ढूंढकर उन्हें वापस ला दे, ताकि वे देशहित में बात करें, सही बात करें और सच्ची बात करें।”





