गुमला में डायन-बिसाही के शक में महिला की हत्या, आरोपी ने थाने में किया आत्मसमर्पण

गुमला, 30 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड के गुमला जिले के पालकोट थाना क्षेत्र स्थित खटगांव गांव में गुरुवार को डायन-बिसाही के आरोप में 40 वर्षीय तारामुनी देवी की टांगी (कुल्हाड़ी) से वार कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपी खुद पालकोट थाना पहुंचा और पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। घटना उस समय हुई जब तारामुनी देवी गांव के स्कूल के पास बर्तन धो रही थी।

इसी दौरान गांव का रहने वाला डुंगडुंग वहां पहुंचा और उस पर डायन-बिसाही करने का आरोप लगाते हुए टांगी से हमला कर दिया। सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतका के भतीजे रंजीत केरकेट्टा ने बताया कि आरोपी ने वर्ष 2025 में भी तारामुनी देवी पर इसी तरह टांगी से जानलेवा हमला किया था। उस घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, लेकिन उसकी जान बच गई थी। उस समय पुलिस ने आरोपी से बाउंड भरवाकर उसे छोड़ दिया था।

परिजनों का आरोप है कि इसके बावजूद आरोपी लगातार महिला को डायन बताकर धमकी देता रहा और अंततः उसने उनकी हत्या कर दी। मृतका के पति अनमोल केरकेट्टा की शिकायत पर पालकोट थाना में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले करीब तीन वर्षों से मिर्गी की बीमारी से पीड़ित था। उसे यह भ्रम था कि तारामुनी देवी ने डायन-बिसाही कर उसे बीमार कर दिया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव टीवी

लाइव क्रिकट स्कोर

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

Quick Link