चतरा: आवासीय विद्यालय की छात्रा से दुष्कर्म के आरोप में प्रधानाध्यापक गिरफ्तार

चरता। झारखंड के चतरा जिले के हंटरगंज प्रखंड मुख्यालय स्थित अनुसूचित जाति आवासीय बालिका विद्यालय में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। विद्यालय के छात्रावास में रहकर तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली एक 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा मेडिकल जांच में गर्भवती पाई गई है।

आरोप है कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने ही छात्रा से दुष्कर्म किया है। इस खुलासे के बाद न केवल विद्यालय परिसर, बल्कि पूरे जिले में आक्रोश और दहशत का माहौल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रधानाध्यापक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता के परिजन विद्यालय पहुंचे और प्रबंधन पर सुरक्षा व्यवस्था में भारी चूक व लापरवाही का आरोप लगाते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

स्थिति को बिगड़ता देख हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उग्र ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने सुरक्षा घेरे में लेकर छात्रा और आरोपी प्रधानाध्यापक शंकर प्रसाद को थाने पहुंचाया, जहां वरीय प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में घंटों गहन पूछताछ की गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए चतरा की उपायुक्त कीर्तिश्री ने तत्काल संज्ञान लिया। छात्रा के बयान दर्ज करने के लिए अधिकारियों की एक बड़ी टीम तैनात की गई, जिसमें एसी अरविंद कुमार, एसडीओ मोहम्मद जहूर आलम, महिला थाना प्रभारी और आरईओ अंबुजा राज शामिल रहे।

डीसी कीर्तिश्री ने घटना की तह तक जाने के लिए एक उच्चस्तरीय जांच समिति का गठन किया है। वहीं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी इस मामले में कड़ा रुख अपनाया है। जिला परिषद अध्यक्षा ममता कुमारी ने इसे जघन्य अपराध बताते हुए कहा कि वे व्यक्तिगत रूप से डीसी और एसपी से मिलकर पीड़िता के लिए न्याय की मांग करेंगी। उन्होंने दोषियों के लिए कठोरतम दंड की वकालत की है।

दूसरी ओर, नावाडीह मुखिया बसंती पन्ना ने मांग की है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष और वैज्ञानिक आधार पर होनी चाहिए, ताकि असली अपराधी को सख्त सजा मिल सके और कोई निर्दोष न फंसे। पुलिस ने आरोपी प्रधानाध्यापक शंकर प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही। फिलहाल, पीड़िता को आवश्यक चिकित्सा उपलब्ध कराई गई है। उसकी काउंसलिंग भी की जा रही है।

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव टीवी

लाइव क्रिकट स्कोर

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

Quick Link