जंतर-मंतर के प्रदर्शन पर अशोक पंडित बोले- ‘पेपर लीक आतंकवाद से कम नहीं, दोषियों पर आतंकरोधी कानून के तहत हो कार्रवाई’

मुंबई, 23 जुलाई (आईएएनएस)। फिल्म निर्माता अशोक पंडित सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर बेबाक राय रखने के लिए जाने जाते है। इस कड़ी में उन्होंने जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन और नीट पेपर लीक को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस मामले को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि पेपर लीक जैसा अपराध आंतकवाद से कम नहीं है। 

अशोक पंडित ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने छात्रों के भविष्य, पेपर लीक और देश में चल रहे विरोध प्रदर्शनों पर विस्तार से अपनी बात रखी।

वीडियो में अशोक पंडित ने कहा, ”नमस्कार, ये सच है कि हमारी आने वाली जनरेशन मजबूत हो, पढ़ी-लिखी हो और शिक्षा में विश्वास रखने वाली हो, तो देश को पावरफुल कंट्री बनाने में अहम होती है। उनके भविष्य, उनकी महत्वाकांक्षाओं का ख्याल रखना, उनको सुविधा देना… ये हमारी सरकार का काम है। इसमें कोई शक नहीं है। नीट पेपर लीक और अन्य जगहों पर जो पेपर लीक हुए हैं, उनकी मैं निंदा करता हूं। मुझे लगता है कि ये बहुत बड़ा अपराध है। ये जुर्म आतंकवाद से कम नहीं है, क्योंकि आप जिम्मेदार होते हैं पूरी की पूरी जनरेशन को खराब करने में और इसकी वजह से हमारा देश कमजोर बनता है। इस जुर्म को करने वालों को आतंकरोधी कानूनों के तहत सजा मिलनी चाहिए।”

इसके बाद अशोक पंडित ने प्रदर्शन और उससे जुड़े कुछ लोगों को लेकर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा, ”मुझे इस बात की भी चिंता है कि अर्बन नक्सल, टुकड़े-टुकड़े गैंग, शाहीन बाग गैंग और व्हाइट कॉलर वाले आतंकवादी अपने निजी फायदे के लिए इस मुद्दे को हाईजैक कर रहे हैं और देश में अशांति फैलाने और उसे तोड़ने में उनकी मदद कर रहे हैं, जिसकी कोशिश वे नरेंद्र मोदी के सत्ता में आने के बाद से कर रहे हैं। शबाना आजमी, नसीरुद्दीन शाह, अरुंधति रॉय, और सोनम वांगचुक आम तौर पर संदिग्ध लोग हैं, जिन्होंने 2002 के गुजरात दंगों के बाद अपनी दुकानें चलाई हैं और जिनके लिए यासीन मलिक और उमर खालिद जैसे आतंकवादी हीरो हैं। 2014 के बाद जब नरेंद्र मोदी सत्ता में आए और उनकी दुकानें बंद हो गईं, तो वे बेकार हो गए। जब हमारे देश में बड़े टेरर अटैक हुए, जब कश्मीर, पश्चिम बंगाल, दिल्ली और देश के दूसरे हिस्सों में हिंदुओं का सबसे बुरा नरसंहार हुआ, तब भी उनका पूरा ग्रुप और जमात चुप रहे। वे अब एक्सपोज हो गए हैं।”

वीडियो के अंत में अशोक पंडित ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भरोसा जताते हुए कहा, ”मुझे अपने प्रधानमंत्री और उनकी लीडरशिप पर पूरा भरोसा है कि वे इस मुद्दे को जल्द से जल्द सुलझा लेंगे और हमारी आने वाली पीढ़ियों का भविष्य बचाएंगे। भारत एक महान देश है और हमेशा रहेगा। जय हिंद। जय भारत।”

अशोक पंडित का यह बयान ऐसे समय सामने आया है, जब कथित नीट-यूजी पेपर लीक और परीक्षा से जुड़ी अनियमितताओं को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन जारी हैं। राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के बैनर तले छात्र और समर्थक लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता लाई जाए, कथित पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और इस पूरे मामले की जवाबदेही तय की जाए।

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव टीवी

लाइव क्रिकट स्कोर

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

Quick Link