जेएसएससी सीजीएल परीक्षा मामले में आयोग के अधिवक्ता को सीआईडी का समन

रांची, 15 सितंबर (आईएएनएस)। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की सीजीएल (कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल) परीक्षा में कथित अनियमितताओं और प्रश्नपत्र लीक के दावों की जांच कर रही सीआईडी की एसआईटी ने आयोग के अधिवक्ता संजोय पिपरवाल को समन जारी किया है। एसआईटी ने उन्हें पूछताछ के लिए उपस्थित होने का निर्देश दिया है। जांच टीम परीक्षा से जुड़े कानूनी दस्तावेजों, आयोग की ओर से अदालतों में रखी गई दलीलों और विवाद सामने आने के बाद लिए गए फैसलों के संबंध में उनसे जानकारी हासिल करेगी।

जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा के संचालन और कथित अनियमितताओं को लेकर राज्यभर में विवाद के बाद सीआईडी ने मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की थी। जांच टीम परीक्षा की पूरी प्रक्रिया, प्रश्नपत्र से जुड़े विवाद और आयोग की ओर से उठाए गए प्रशासनिक एवं कानूनी कदमों की पड़ताल कर रही है।

सूत्रों के अनुसार, एसआईटी यह समझने का प्रयास कर रही है कि परीक्षा के दौरान सामने आए विवाद के बाद आयोग ने किस प्रक्रिया के तहत कानूनी कदम उठाए और विभिन्न स्तरों पर क्या निर्णय लिए गए। इसी क्रम में आयोग की ओर से अदालतों में दाखिल दस्तावेजों और रखी गई दलीलों से जुड़े तथ्यों का भी सत्यापन किया जा रहा है।

अधिवक्ता संजोय पिपरवाल से पूछताछ के दौरान आयोग की ओर से विभिन्न अदालती मामलों में रखे गए पक्ष, परीक्षा से संबंधित कानूनी दस्तावेज और संबंधित पत्राचार के बारे में सवाल किए जा सकते हैं। एसआईटी परीक्षा संचालन में शामिल एजेंसी, आयोग के अधिकारियों और कानूनी पक्ष से जुड़े लोगों के बीच हुए पत्राचार तथा विभिन्न निर्णयों के समय का भी मिलान कर रही है।

जांच टीम अब तक मामले से जुड़े आयोग के कई अधिकारियों, परीक्षा संचालन से जुड़ी बाहरी एजेंसियों के प्रतिनिधियों और अन्य संदिग्धों से पूछताछ कर चुकी है। अधिकारियों के अनुसार, अधिवक्ता को समन जारी किया जाना जांच की इसी प्रक्रिया का हिस्सा है। एसआईटी परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेजों और बयानों का मिलान कर रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव टीवी

लाइव क्रिकट स्कोर

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

Quick Link