तमिलनाडु सीएम विजय लंदन में सिल्वरस्टोन कार रेस को दिखाएंगे हरी झंडी, अभिनेता अजित कुमार से करेंगे मुलाकात

चेन्नई, 12 सितंबर (आईएएनएस)। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय यूनाइटेड किंगडम (यूके) की छह दिवसीय यात्रा पर हैं। वे शनिवार को लंदन में सिल्वरस्टोन सर्किट पर मिशेलिन ले मैन्स कप कार रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। मुख्यमंत्री विजय साउथ फिल्म एक्टर और कार रेसर अजित कुमार भी मुलाकात करेंगे। अजित कई प्रमुख भारतीय कार रेसरों के साथ इस रेस में हिस्सा लेंगे।

यह कार्यक्रम भारतीय समय के अनुसार शाम 9.45 बजे शुरू होगा और शाम 11.45 बजे तक चलेगा। मुख्यमंत्री जोसेफ विजय की छह दिवसीय आधिकारिक यात्रा के दौरान यह एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है।

मुख्यमंत्री विजय दुनिया के सबसे मशहूर मोटर रेसिंग वेन्यू में से एक सिल्वरस्टोन में बुनियादी ढांचे का निरीक्षण करेंगे। वह रेसट्रैक, सुरक्षा इंतजामों, दर्शकों के लिए सुविधाओं और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं आयोजित करने के व्यावसायिक मॉडल को समझेंगे।

यह दौरा इसलिए भी अहम है, क्योंकि विजय ने तमिलनाडु विधानसभा में घोषणा की है कि उनकी सरकार राज्य में विश्व स्तरीय मोटरस्पोर्ट्स सिटी बनाएगी। अधिकारियों को उम्मीद है कि सिल्वरस्टोन के दौरे से प्रस्तावित सुविधा को विकसित करने के लिए उपयोगी जानकारी मिलेगी। मुख्यमंत्री मोटरस्पोर्ट्स, स्पोर्ट्स टूरिज्म, ऑटोमोबाइल टेक्नोलॉजी, रेसिंग उपकरण और इवेंट मैनेजमेंट में निवेश आकर्षित करने के अवसरों को भी तलाशेंगे।

सरकार का मानना है कि प्रस्तावित मोटरस्पोर्ट्स सिटी रोजगार पैदा कर सकती है और तमिलनाडु को रेसिंग इवेंट्स के लिए एक अंतरराष्ट्रीय गंतव्य के रूप में स्थापित करने में मदद कर सकती है।

बता दें कि मुख्यमंत्री जोसेफ विजय 10 सितंबर को रात 10 बजे चेन्नई से रवाना हुए और दुबई होते हुए लंदन पहुंचे। वह शुक्रवार को हीथ्रो एयरपोर्ट पहुंचे। ब्रिटिश तमिल संगम के अध्यक्ष जैकब रविपालन, टीवीके पदाधिकारी दुरईकन्नन और तमिल समुदाय के सदस्यों ने एयरपोर्ट पर गुलदस्ते देकर उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री जोसेफ विजय लंदन ब्रिज इलाके में स्थित होटल गए।

मुख्यमंत्री की यात्रा का व्यापक उद्देश्य तमिलनाडु में औद्योगिक निवेश आकर्षित करना और रोजगार पैदा करना है। वह एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रिक वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स का प्रतिनिधित्व करने वाले वरिष्ठ अधिकारियों और बिजनेस लीडर्स के साथ बातचीत करेंगे।

सीएम जोसेफ विजय रविवार को निवेश प्रोत्साहन कार्यक्रम के तहत कई बिजनेस लीडर्स से मिलेंगे और संभावित निवेशकों के सामने तमिलनाडु के औद्योगिक बुनियादी ढांचे, कुशल कार्यबल और नीतिगत समर्थन को पेश करेंगे।

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव टीवी

लाइव क्रिकट स्कोर

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

Quick Link