दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मकोका के तहत गिरफ्तार गैंगस्टर की कस्टडी 10 दिन और बढ़ाने की मांग

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत गिरफ्तार गैंगस्टर शब्बीर चौधरी उर्फ शब्बीर अली की कस्टडी 10 दिन और बढाने की मांग की है। दिल्ली पुलिस की कस्टडी बढ़ाने की मांग पर पटियाला हाउस कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया है। इस मामले में गैंगस्टर शब्बीर चौधरी उर्फ शब्बीर अली के वकील ने कस्टडी बढ़ाने की दिल्ली पुलिस की मांग का विरोध करते हुए कहा कि पिछली कस्टडी के दौरान पूछताछ में क्या हासिल हुआ, पुलिस को पहले यह बताना चाहिए। आरोपी शब्बीर चौधरी की तीन दिनों की पुलिस कस्टडी पूरी होने के बाद दिल्ली पुलिस ने उसे पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया और कस्टडी बढ़ाने की मांग की। पिछली सुनवाई के दौरान पुलिस ने कहा था कि गिरोह के दूसरे सदस्यों का पता लगाने और अपराध से अर्जित संपत्तियों की जांच के लिए पूछताछ की अभी और जरूरत है। इसलिए उन्होंने 10 दिनों की कस्टडी बढ़ाने की मांग की है। बता दें कि दिल्ली पुलिस की ओर से अपराधियों के खिलाफ लगातार की जा रही कार्रवाई का एक दूसरा मामला बुधवार को पूर्वी जिला साइबर थाना से सामने आया, जहां पूर्वी जिला साइबर थाना टीम ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर मासूम लोगों से ठगी करने वाले एक संगठित साइबर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी जापान की प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेरोजगार युवाओं और नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को अपना शिकार बनाते थे। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई एक शिकायत के आधार पर की गई, जिसमें पीड़ित ने आरोप लगाया था कि जापान में नौकरी दिलाने का वादा कर उससे 1.63 लाख रुपए की ठगी की गई। शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना, पूर्वी जिला में ई-एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई, जिसके बाद संगठित साइबर गिरोह का भंडाफोड़ कर आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव टीवी

लाइव क्रिकट स्कोर

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

Quick Link