नई दिल्ली, 20 अगस्त (आईएएनएस)। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती की अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उनको श्रद्धांजलि अर्पित की। रक्षा मंत्री की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉरम ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा गया, “भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। भारत की विकास यात्रा में उनका भी अहम योगदान रहा है।”
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने सोशल मीडिया पर लिखा, “पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी जी ने भारत के निर्माण और तरक्की के लिए आधुनिक तकनीक और नए विचारों को अपनाने में विश्वास जताया। इसके लिए यह बेहद जरूरी था कि युवाओं की भागीदारी और उनकी प्रतिभा को विकसित करने के लिए समुचित व्यवस्था और अवसर प्रदान किए जाए।”
पायलट ने लिखा, “अपनी दूरदर्शिता से उन्होंने देश में आधुनिकरण की नई परिभाषा गढ़ी। कंप्यूटर और दूरसंचार क्रांति के विस्तार जैसे महत्वपूर्ण फैसलों ने देश को नई ऊंचाई तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। आज उनकी जयंती पर उन्हें हृदय की गहराइयों से नमन करता हूं।”
कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में लिखा, “राजीव गांधी न केवल भारत के प्रधानमंत्री थे बल्कि युवाओं के सबसे बड़े समर्थकों में से एक थे, एक ऐसे नेता जिनका मानना था कि युवा भारतीय न केवल भविष्य हैं बल्कि वे शक्ति हैं जो एक आधुनिक राष्ट्र का निर्माण करेंगे। आधुनिक, तकनीकी रूप से उन्नत और आर्थिक रूप से सशक्त भारत का उनका विजन कांग्रेस पार्टी के लिए प्रेरणा और जिम्मेदारी है। राजीव जी को उनकी 82वीं जयंती पर भावभीनी श्रद्धांजलि।”
मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता विपक्ष उमंग सिघार ने सोशल मीडिया पर लिखा, “भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, आधुनिक भारत के निर्माण के अग्रदूत एवं दूरदर्शी नेता पूर्व पीएम राजीव गांधी की जयंती पर सादर नमन। भारत को 21वीं सदी की ओर अग्रसर करने, सूचना एवं संचार क्रांति की नींव रखने, पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाने तथा युवाओं को नई दिशा देने में उनका योगदान अविस्मरणीय है। उनके प्रगतिशील विचार, लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता और राष्ट्र निर्माण का संकल्प सदैव प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।”





