नई दिल्ली, 23 जुलाई (आईएएनएस)। नीट पेपर लीक के मुद्दे को लेकर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि सरकार चर्चा करने के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष बार-बार अपना रुख बदल रहा है और चर्चा से बचने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने विपक्ष से अपील की कि छात्रों के भविष्य पर राजनीति करने के बजाय संसद में चर्चा करें।
गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि सरकार युवाओं की भावनाओं और उनकी चिंताओं को समझती है। देश के युवाओं के भविष्य को लेकर सरकार पूरी तरह गंभीर है और उनसे जुड़े हर मुद्दे पर सकारात्मक पहल करने के लिए तैयार है।
शेखावत ने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे को राजनीतिक फायदे का जरिया न बनाए और संसद में आकर खुलकर चर्चा करे। उन्होंने छात्रों को भी सतर्क रहने की सलाह दी और कहा कि कुछ लोग छात्रों की भावनाओं का इस्तेमाल कर अपने राजनीतिक हित साधने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि वह खुद छात्र राजनीति से जुड़े रहे हैं और जानते हैं कि किस तरह कुछ लोग आंदोलनों को राजनीतिक दिशा देने का प्रयास करते हैं। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे किसी के बहकावे में न आएं और अपने भविष्य को ध्यान में रखते हुए निर्णय लें।
इस बीच केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने भी विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पेपर लीक की समस्या केवल आज की नहीं है बल्कि पहले भी कई राज्यों में ऐसी घटनाएं सामने आती रही हैं। उन्होंने कहा कि जब पिछली सरकारों के समय ऐसी घटनाएं हुईं, तब क्या जिम्मेदारी तय की गई थी जबकि वर्तमान सरकार ने पेपर लीक रोकने के लिए कानून बनाया है और अब दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने विपक्ष से अपील की कि वह संसद में आएं, चर्चा करें और मिलकर ऐसा सिस्टम तैयार करने पर विचार करें जिससे छात्रों का भविष्य सुरक्षित हो सके। भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फास्ट ट्रैक कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पेपर लीक करने वालों के खिलाफ तेजी से सुनवाई होगी और दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह संसद में चर्चा से बच रहे हैं। विपक्ष इस मुद्दे पर समाधान निकालने के बजाय राजनीतिक प्रतिस्पर्धा में लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि संसद चर्चा का मंच है और लोकतंत्र में हर मुद्दे पर बहस होनी चाहिए। उन्होंने विपक्ष पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश की जनता सब देख रही है।
रविशंकर प्रसाद ने विपक्षी नेताओं पर आंदोलन की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कुछ नेता हर मुद्दे पर आंदोलन खड़ा करने की कोशिश करते हैं, लेकिन चुनाव में जनता उन्हें जवाब देती है। उन्होंने कहा कि छात्रों के मुद्दे पर राजनीति करने के बजाय सभी दलों को मिलकर समाधान तलाशना चाहिए।
वहीं, भाजपा सांसद विवेक ठाकुर ने भी विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पेपर लीक एक पुरानी और गंभीर समस्या है, जिसका समाधान दलीय राजनीति से ऊपर उठकर करना होगा। उन्होंने कहा कि यह समस्या किसी एक राज्य या सरकार तक सीमित नहीं रही है, बल्कि कई राज्यों में अलग-अलग समय पर ऐसे मामले सामने आए हैं।
उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक के मुद्दे पर व्यापक चर्चा होनी चाहिए ताकि ऐसी व्यवस्था बनाई जा सके जिससे देश के युवाओं का भविष्य सुरक्षित हो। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग इस गंभीर मुद्दे पर भी राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहे हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है ।





