मुंबई, 24 अगस्त (आईएएनएस)। मशहूर कंपोजर अखिल सचदेवा ने हाल ही में इमरान हाशमी की फिल्म ‘आवारापन 2’ का गाना ‘पिया घर आया – होमकमिंग’ बनाया है। कंपोजर ने आईएएनएस के साथ बातचीत में बताया कि उन्हें ज्यादा देर तक सोना नहीं पसंद है बल्कि, वे अगले दिन उठने के बाद काम करने का इंतजार करता हैं।
कंपोजर ने आईएएनएस के साथ बातचीत में काम के प्रति दिवानगी को लेकर कुछ दिलचस्प बातें शेयर कीं। उन्होंने कहा, “सच कहूं, तो मैं सांस बाद में लेता हूं और म्यूजिक के बारे में पहले सोचता हूं। मुझे रात में सोना पसंद नहीं है। मैं हमेशा यही सोचता रहता हूं कि कल मैं क्या प्रैक्टिस करूंगा और कल क्या नया बनाऊंगा? अगर जिंदगी में म्यूजिक नहीं है, तो मेरे लिए जिंदगी का कोई मतलब ही नहीं है और गीता में लिखा है कि अगर तुम्हें सरगम आती है, तो श्री राम कहने की भी जरूरत नहीं है। श्रीराम ‘सा’ में मौजूद हैं, म्यूजिक दुनिया जीत लेता है, म्यूजिक एक अलग ही दुनिया है।”
कंपोजर अपनी मां से गहरा जुड़ाव रखते हैं, उन्होंने मां, के प्रति भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि वे हर जन्म में वही मां चाहेंगे, जो उन्हें इस जन्म में मिली हैं। उन्होंने कहा, “दुनिया अलग है और मैं हर जन्म में यही मांगूंगा कि हर जन्म में मुझे वही मां मिले, जो इस जन्म में मिली हैं। वही चेहरा, शरीर, उतनी ही मोटी होनी चाहिए जितनी वो थीं और उतनी ही खूबसूरत होनी चाहिए जितनी वो हैं, लेकिन वो मुझे इतनी जल्दी छोड़कर न जाए।”
म्यूजिक कंपोजर अखिल सचदेवा अक्सर पॉडकास्ट और बातचीत में अपनी मां के प्रति अपना गहरा प्रेम और जुड़ाव व्यक्त करते रहते हैं। हालांकि, उनकी मां के बारे में अधिक जानकारी कभी सामने नहीं आई।
‘आवारापन 2’ एक एक्शन थ्रिलर फिल्म है, जो 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। यह साल 2007 में आई इमरान हाशमी की चर्चित फिल्म ‘आवारापन’ का सीक्वल है। इस फिल्म का निर्देशन नितिन कक्कड़ ने किया है।
‘आवारापन’ रिलीज के वक्त फ्लॉप मानी गई थी, लेकिन बाद के सालों में फिल्म को जबरदस्त फैन फॉलोइंग मिली और आखिरकार अपने म्यूजिक और इमरान हाशमी की एक्टिंग की वजह से इसे कल्ट का दर्जा मिल गया। ‘आवारापन 2’ इस वक्त सिनेमाघरों में चल रही है।





