राम मंदिर की व्यवस्थाओं पर अजय राय ने उठाए सवाल, बोले-सीईओ नहीं संत-धर्माचार्य हों जिम्मेदार

अयोध्या, 12 अगस्त (आईएएनएस)। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बुधवार को अयोध्या पहुंचकर राम मंदिर की व्यवस्थाओं को लेकर प्रदेश सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मंदिर की व्यवस्था में मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि धार्मिक नगरी अयोध्या में प्रशासनिक अधिकारियों के बजाय संतों और धर्माचार्यों की भूमिका अधिक महत्वपूर्ण होनी चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर को आस्था के केंद्र के बजाय कमाई का जरिया बनाया जा रहा है। अयोध्या एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में राय ने मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले को भी उठाया। उन्होंने मामले में अब तक हुई कार्रवाई को महज खानापूर्ति करार देते हुए कहा कि जिन लोगों पर चढ़ावे के पैसे की गिनती में अनियमितता या पूरे प्रकरण में संलिप्तता के आरोप हैं, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्होंने दोषियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि केवल जांच के नाम पर कार्रवाई को आगे बढ़ाना पर्याप्त नहीं है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मंदिर प्रबंधन की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अयोध्या केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। ऐसे में यहां की व्यवस्थाओं में संतों और धर्माचार्यों की भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। धार्मिक नगरी की गरिमा और परंपरा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं संचालित होनी चाहिए।

कांग्रेस नेता अजय राय ने चढ़ावे से जुड़े मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) की कार्रवाई पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति पर गंभीर आरोप हैं तो जांच के साथ-साथ दोषियों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई भी दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सामने लाया जाए। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस नेता ने कहा कि चुनाव में कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी, महंगाई, युवाओं के भविष्य और धार्मिक स्थलों पर व्यवस्थाओं जैसे मुद्दे प्रमुख रहेंगे।

उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में लोग कांग्रेस और राहुल गांधी के साथ जुड़ रहे हैं तथा आने वाले चुनाव में इसका असर दिखाई देगा। भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधते हुए राय ने आरोप लगाया कि उनके कारण अयोध्या की पवित्रता और धार्मिक स्वरूप प्रभावित हो रहा है। हालांकि, उन्होंने अपने आरोपों के समर्थन में कोई विशिष्ट तथ्य पेश नहीं किया। कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी राय ने सरकार को घेरा।

उन्होंने गोरखपुर में तलवार से ब्राह्मण युवक की हत्या की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बढ़े हैं और आम लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता है। उन्होंने सरकार से कानून-व्यवस्था को लेकर जवाबदेही तय करने की मांग की।

अयोध्या में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के इस बयान को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के मंदिर, कानून-व्यवस्था और रोजगार से जुड़े मुद्दों को एक साथ उठाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। दूसरी ओर, अजय राय के आरोपों पर भाजपा की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Share this post:

खबरें और भी हैं...

नयनतारा ने की ‘टॉक्सिक’ की निर्देशक गीतू मोहनदास की जमकर तारीफ, बोलीं- ‘वह हर कलाकार को अपना बना लेती हैंनयनतारा ने की ‘टॉक्सिक’ की निर्देशक गीतू मोहनदास की जमकर तारीफ, बोलीं- ‘वह हर कलाकार को अपना बना लेती हैं

Read More »

लाइव टीवी

लाइव क्रिकट स्कोर

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

Quick Link