सीपीसीबी भर्ती 2026: साइंटिस्ट सहित 51 पदों पर निकली वैकेंसी, 24 अगस्त से आवेदन प्रक्रिया शुरू

नई दिल्ली, 21 अगस्त (आईएएनएस)। नौकरी की बेहतर तलाश में जुटे लोगों के लिए एक बेहतरीन मौका सामने आया है। दरअसल, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने गंगा नदी पर चलाए जा रहे ‘पर्यावरण नियामकों को मजबूत करने की परियोजना (एसईआर) – चरण-III’ के तहत कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर विभिन्न 51 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन मांगे हैं।

सीपीसीबी की ओर से जारी 51 रिक्तियों में साइंटिस्ट-डी का 1, साइंटिस्ट-सी के 8, साइंटिस्ट-बी के 12, असिस्टेंट मैनेजर (फाइनेंस) के 3, एडमिनिस्ट्रेटिव असिस्टेंट का 1, साइंटिफिक असिस्टेंट के 13, टैक्सोनॉमिस्ट का 1, डेटा एंट्री ऑपरेटर के 4 और फील्ड असिस्टेंट के 8 पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 24 अगस्त के सुबह 10 बजे से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 7 सितंबर तय की गई है। ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्ति के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे सीपीसीबी की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन लिंक सक्रिय होने के बाद से तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरा कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पोस्ट और क्षेत्र के अनुसार एनवायरनमेंटल साइंस/नेचुरल साइंस में फर्स्ट क्लास मास्टर्स डिग्री, कॉमर्स में फर्स्ट क्लास मास्टर डिग्री (फाइनेंस और अकाउंटिंग/टैक्सेशन)/चार्टर्ड अकाउंटेंट/एमबीए (फाइनेंस और अकाउंटिंग), प्रथम श्रेणी बैचलर डिग्री, फर्स्ट क्लास एमएससी, साइंस/बीसीए में फर्स्ट क्लास बैचलर डिग्री, साइंस में कम से कम 55 प्रतिशत अंकों के साथ 10+2 पास किया होना चाहिए।

आवेदकों की अधिकतम आयु पोस्ट के अनुसार 27 से 50 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदकों की जांच, इंटरव्यू/लिखित परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार 38,741 से 1,71,597 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे। वहीं, शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों के लिए इंटरव्यू का आयोजन दिल्ली में किया जाएगा।

सीपीसीबी की ओर से चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति क्षेत्रीय निदेशालय (लखनऊ, कोलकाता, चंडीगढ़) या दिल्ली स्थित मुख्यालय में की जाएगी। बता दें कि सीपीसीबी की ओर से ये नियुक्तियां शुरू में पूरी तरह से एक वर्ष के लिए कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर होंगी और जरूरत के हिसाब से उम्मीदवारों के परफॉर्मेंस के आधार पर इन्हें आगे बढ़ाया जा सकता है।

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव टीवी

लाइव क्रिकट स्कोर

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

Quick Link